राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 8 जून 2026ः
42वें ऑल इंडिया उत्तराखंड गोल्ड कप क्रिकेट टूर्नामेंट के रोमांचक फाइनल मुकाबले में सी एंड एजी (कम्प्ट्रोलर एंड ऑडिटर जनरल) ने पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन को 25 रनों से हराकर खिताब जीत लिया। विजेता टीम को 10 लाख रुपये व ट्रॉफी और उपविजेता को सात लाख रुपये व ट्रॉफी दी गई।
राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में रविवार रात खेले गए फाइनल मुकाबले में पंजाब ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सी एंड एजी ने निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 373 रन का स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से लक्ष ने नाबाद 101 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। इसके अलावा शुभम सिंह पुंडीर ने 48, लाने नसीर ने नाबाद 46, सुमित माथुर ने 45 और गुरविंदर सिंह ने 41 रन बनाए।
374 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की टीम 49.4 ओवर में 348 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। पंजाब के लिए उदय प्रताप शरण ने 138 रन की बेहतरीन शतकीय पारी खेली। वहीं, दमनप्रीत सिंह ने नाबाद 49, ईश राव ने 46 और अमनजोत सिंह ने 42 रन का योगदान दिया। सी एंड एजी की ओर से मृणमय दत्ता ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके। अब्दुल बजीथ, करन, आयुष जमवाल और सुमित माथुर को एक-एक विकेट मिला। शानदार शतकीय पारी के लिए लक्ष को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इससे पहले मुख्य अतिथि बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया। समापन समारोह में त्रिवेंद्र सिंह रावत ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार राशि दी। इस अवसर पर सीएयू की सचिव किरन रौतेला वर्मा, महिम वर्मा, राजीव दत्ता, पीसी वर्मा, डॉ. जेएस सचान, योगेंद्र वाजपेई, गिरीश गोयल, कुमार थापा और संतोष गैरोला मौजूद रहे।






