CWG में चमके उत्तराखंड के सितारे, खिलाड़ी व कोच सम्मानित, धामी ने रखा खेलों का रोडमैप
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के साथ उनके कोच भी हुए सम्मानित, खेल नीति, स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर, छात्रवृत्ति, सरकारी नौकरी जैसे प्रोत्साहन का जिक्र, महिला, पैरा खिलाड़ियों, ग्रामीण प्रतिभाओं पर भी सरकार का फोकस
देहरादून, 8 अगस्त 2026:
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में उत्तराखंड का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों, उनके प्रशिक्षकों को मुख्यमंत्री आवास में सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खिलाड़ियों, कोच, उनके परिवारों को बधाई देते हुए कहा कि इनकी कामयाबी पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने अपने दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्तराखंड की अलग पहचान बनाई है।

इन खिलाड़ियों और कोच को मिला सम्मान
सम्मानित होने वालों में पैरा एथलीट शुभम जुयाल (रुड़की), जिन्होंने रजत पदक जीता, जूडो खिलाड़ी उन्नति शर्मा (देहरादून), जिन्होंने कांस्य पदक अपने नाम किया, शामिल रहीं। शुभम जुयाल के कोच राकेश सिंह रावत (पौड़ी), उन्नति शर्मा के प्रशिक्षक सतीश चंद्र शर्मा, पुनेश कुमार सिंह (देहरादून) और भारतीय बॉक्सिंग टीम के प्रशिक्षक खीमानंद बेलवाल (हल्द्वानी) को भी सम्मानित किया गया।
खिलाड़ियों की सफलता में कोच और परिवार की बड़ी भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी खिलाड़ी की उपलब्धि के पीछे सिर्फ उसकी मेहनत नहीं होती, बल्कि प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन, परिवार का साथ और लंबे समय की तैयारी भी उतनी ही अहम होती है। यही वजह है कि खिलाड़ियों के साथ उनके कोच का सम्मान भी जरूरी है।
Sports Infrastructure मजबूत करने पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को देश के अग्रणी खेल राज्यों में शामिल करना है। इसके लिए आधुनिक Sports Infrastructure तैयार किया जा रहा है। जिला और ब्लॉक स्तर तक खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। खिलाड़ियों को ट्रेनिंग, उपकरण, पोषण, प्रतियोगिताओं में भागीदारी समेत जरूरी सहयोग दिया जा रहा है।

खेल नीति में बढ़ाए गए प्रोत्साहन
उन्होंने कहा कि राज्य की खेल नीति को पहले से ज्यादा प्रभावी बनाया गया है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि, सरकारी सेवाओं में अवसर, छात्रवृत्ति और विशेष प्रशिक्षण जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। महिला खिलाड़ियों, पैरा खिलाड़ियों और ग्रामीण इलाकों की प्रतिभाओं पर भी खास फोकस किया जा रहा है।
खेल विश्वविद्यालय और अकादमियों पर भी काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा खिलाड़ियों को बेहतर माहौल देने के लिए खेल विश्वविद्यालय, स्पोर्ट्स अकादमियों को मजबूत करने, प्रशिक्षकों की क्षमता बढ़ाने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए संसाधन उपलब्ध कराने पर लगातार काम हो रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के पदक विजेता आने वाली पीढ़ी को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा देंगे। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा और खेल विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।





