Lucknow City

Lucknow से थोड़ी दूर यहां बस रही प्रकृति की नई दुनिया, अगले सीजन में खुलेगा Eco Tourism Spot

बाराबंकी के नियामतपुर वन क्षेत्र में करीब 52.50 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रहा प्रोजेक्ट, दो किलोमीटर लंबी नेचर ट्रेल बनेगी खास आकर्षण, स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए मौके, पर्यावरण संरक्षण पर भी रहेगा फोकस

लखनऊ, 3 जुलाई 2026:

राजधानी लखनऊ से करीब 45 किलोमीटर दूर बाराबंकी का नियामतपुर वन क्षेत्र जल्द ही प्रकृति प्रेमियों के लिए नया आकर्षण बनने जा रहा है। यहां विकसित हो रहा Eco Tourism Project अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। करीब 52.50 लाख रुपये की लागत वाली इस परियोजना का लगभग 95 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। वन विभाग की तैयारी है कि अगले ईको-पर्यटन सत्र से इसे आम लोगों के लिए खोल दिया जाए।

परियोजना के तहत करीब दो किलोमीटर लंबी Nature Trail तैयार की गई है। इस रास्ते पर चलते हुए पर्यटक घने जंगल, अलग-अलग प्रजातियों के पेड़-पौधे, पक्षियों की मौजूदगी और वन क्षेत्र की जैव विविधता को करीब से देख सकेंगे। इसका मकसद लोगों को प्रकृति के बीच सुकून भरा अनुभव देने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी है।

पर्यटकों की सुविधा के लिए परिसर में आधुनिक हाट, साफ-सुथरे शौचालय, सेल्फी प्वाइंट, भव्य प्रवेश द्वार, नाले पर ओवर ब्रिज और पूरे क्षेत्र में साइन बोर्ड लगाए जा रहे हैं। इन साइन बोर्डों पर वन क्षेत्र में मौजूद पेड़-पौधों की प्रजातियों, उनकी खासियत और पर्यावरण में उनकी भूमिका की जानकारी दी जाएगी, जिससे घूमने आए लोगों को प्रकृति के बारे में बेहतर जानकारी मिल सके।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश में Eco Tourism को नई पहचान देने की दिशा में लगातार काम कर रही है। नियामतपुर परियोजना उसी सोच का हिस्सा है। उनके मुताबिक परियोजना शुरू होने के बाद पर्यटकों को सुरक्षित और यादगार अनुभव मिलेगा, स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के नए अवसर बनेंगे और प्रदेश की पर्यटन अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। सरकार का प्रयास पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय सहभागिता के बीच संतुलन बनाना है।

बाराबंकी के डीएफओ आकाश दीप बधावन ने बताया कि नियामतपुर में तैयार हो रहा यह Eco Tourism Destination प्रकृति संरक्षण और पर्यटन विकास का अच्छा उदाहरण बनेगा। यहां बनाई गई नेचर ट्रेल, ओवर ब्रिज, साइन बोर्ड समेत दूसरी सुविधाएं पर्यटकों को वन क्षेत्र की जैव विविधता और प्राकृतिक माहौल को करीब से समझने का मौका देंगी। साथ ही स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए रास्ते भी खुलेंगे।

वन विभाग के मुताबिक परियोजना के बाकी बचे काम भी तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। इसके शुरू होने के बाद नियामतपुर बाराबंकी ही नहीं, बल्कि लखनऊ के आसपास रहने वाले लोगों के लिए भी Weekend Destination और Nature Tourism का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button