बाराबंकी, 4 जुलाई 2026:
बाराबंकी के फतेहपुर कस्बे में एक Service Center में सर्विसिंग के दौरान ईओन कार में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में लपटों ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। राहत की बात रही कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ।
घटना रामनगर रोड स्थित कोल्ड स्टोरेज के सामने बने फतेहपुर सर्विस सेंटर की है। कस्बा निवासी जय प्रकाश मिहिर अपनी ईओन कार की सर्विसिंग के लिए यहां पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सर्विसिंग के दौरान पहले कार से धुआं उठने लगा, फिर अचानक आग भड़क गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कर्मचारियों को संभलने का मौका नहीं मिला।
आग लगते ही सर्विस सेंटर के कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों ने पानी, मिट्टी और फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। करीब 20 मिनट बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह राख हो चुकी थी। पास में खड़ी एक दूसरी कार भी आग की चपेट में आने से आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गई। घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर फतेहपुर फिलिंग स्टेशन होने की वजह से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
किसी बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए लोगों ने आसपास खड़े वाहनों को तुरंत हटाया और बचाव कार्य में सहयोग किया। आग की ऊंची लपटें और काला धुआं दूर से दिखाई देता रहा। बताया गया कि सर्विस सेंटर के कर्मचारी फ्यूल टैंक से पेट्रोल निकाल रहे थे। इसी दौरान अचानक आग लग गई। एक दिन पहले कार में पेट्रोल भरवाया गया था, जिसके बाद वाहन झटके लेकर चल रहा था। इसी वजह से टैंक खाली कर नया पेट्रोल डालने की तैयारी की जा रही थी। फिलहाल आग लगने की असली वजह साफ नहीं हो सकी है। तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की भी आशंका जताई जा रही है, जिसकी पुष्टि जांच के बाद होगी।






