Uttar Pradesh

UP में अब इलेक्ट्रिक वाहन चलाना और किफायती, EV चार्जिंग पर 20% छूट लागू

सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक पब्लिक चार्जिंग पर मिलेगी रियायत, सौर ऊर्जा के उपयोग और इलेक्ट्रिक वाहनों को मिलेगा बढ़ावा

लखनऊ, 4 जुलाई 2026:

यूपी ने बिजली उत्पादन, आपूर्ति और उपभोक्ता राहत के क्षेत्र में नई उपलब्धियां दर्ज करते हुए देश में अपनी अलग पहचान बनाई है। प्रदेश में लगातार सातवें वर्ष भी बिजली दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। अब इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) को बढ़ावा देने और हरित ऊर्जा के अधिकतम उपयोग के लिए बड़ा फैसला लिया गया है। सरकार ने सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित सोलर आवर्स में ईवी पब्लिक चार्जिंग पर 20 प्रतिशत टैरिफ छूट लागू की है।

प्रदेश के ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य दिन के समय उपलब्ध सस्ती सौर ऊर्जा का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करना, ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा देना और पर्यावरण संरक्षण को गति देना है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर उपभोक्ता को सस्ती, गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना है।

मंत्री ने बताया कि प्रदेश में लगातार सातवें वर्ष बिजली दरों को यथावत रखा गया है। सभी श्रेणियों के उपभोक्ताओं के लिए मौजूदा टैरिफ में कोई वृद्धि नहीं की गई है। उन्होंने इसे सरकार की जनकल्याणकारी सोच और गरीबों, किसानों, घरेलू तथा अन्य उपभोक्ताओं के हितों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया।

UP EV Charging Subsidy Affordable Charging Solution (1)

बिजली आपूर्ति के क्षेत्र में भी उत्तर प्रदेश लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है। हाल ही में प्रदेश ने 32,673 मेगावाट की अब तक की सर्वाधिक विद्युत मांग को सफलतापूर्वक पूरा कर नया राष्ट्रीय कीर्तिमान स्थापित किया। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि यह मजबूत बिजली व्यवस्था और बेहतर प्रबंधन का परिणाम है।

उन्होंने बताया कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय प्रदेश का तापीय विद्युत उत्पादन केवल 5,180 मेगावाट तक सीमित था जबकि आज उत्तर प्रदेश केवल सौर ऊर्जा से ही इससे अधिक उत्पादन कर रहा है। वर्तमान में लगभग 4,000 मेगावाट क्षमता के सोलर पार्क विकसित किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत करीब 2,500 मेगावाट अतिरिक्त क्षमता तैयार की जा रही है।

इसके अलावा मिर्जापुर, मेजा सहित विभिन्न क्षेत्रों में नई तापीय विद्युत परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। पुराने तापीय संयंत्रों की कार्यक्षमता भी उल्लेखनीय रूप से बढ़ी है। पहले जहां ये संयंत्र लगभग 65 प्रतिशत प्लांट लोड फैक्टर पर चलते थे, वहीं अब उनकी दक्षता बढ़कर करीब 85 प्रतिशत तक पहुंच गई है।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आत्मनिर्भर बन रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में प्रदेश देश के लिए ऊर्जा प्रबंधन और हरित विकास का आदर्श मॉडल बनकर उभरेगा।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button