Uttar Pradesh

इटावा में जमीन बंटवारे को लेकर खूनी संघर्ष, छोटे भाई ने कुल्हाड़ी से कर दी बड़े भाई की हत्या

अशरफ अंसारी

इटावा, 8 जुलाई 2025:

यूपी के इटावा जनपद के सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित ग्राम तोड़ा में सोमवार शाम जमीन के बंटवारे को लेकर दो भाइयों के बीच चल रहे विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। इस संघर्ष में छोटे भाई ने कुल्हाड़ी से हमला कर बड़े भाई की हत्या कर दी, जबकि खुद भी गंभीर रूप से घायल हो गया। झगड़े में दोनों परिवारों के चार अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं।

बताते हैं कि चार बीघा जमीन के बंटवारे को लेकर दो भाइयों कृपाल सिंह (50) और राम किशोर के बीच विवाद था। बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर हमला कर दिया।

दोनों भाइयों के परिवार के चार लोग घायल

आरोप है कि हिंसक झड़प में राम किशोर ने कुल्हाड़ी से कृपाल सिंह पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। इस संघर्ष में राम किशोर भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना में कृपाल सिंह की पत्नी सीमा, बेटा बाबी, बेटी सविता और राम किशोर की पत्नी रेनू भी घायल हो गए हैं।

चार बीघा जमीन जोतने को लेकर उपजा विवाद

पुलिस के मुताबिक मृतक कृपाल सिंह और राम किशोर के पिता शिव सिंह के नाम चार बीघा जमीन थी। शिव सिंह अपने बड़े बेटे कृपाल सिंह के साथ रहते थे और वही जमीन की खेती करते थे। एक माह पूर्व शिव सिंह की मृत्यु के बाद जब जमीन के बंटवारे का मुद्दा उठा तो राम किशोर ने उस पर दावा कर दिया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और मामला हिंसक संघर्ष में बदल गया।

ये भी पढ़ें  अमेठी के 75 स्कूलों में लगेगा ताला, मान्यता नहीं ली, अवैध रूप से किया जा रहा संचालन

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button