Varanasi

काशी विश्वनाथ मंदिरः सुरक्षाकर्मी की कार्बाइन से चली गोली, तीन श्रद्धालु घायल

ड्यूटी पर तैनात पीएसी जवान से हुई लापरवाही की पड़ताल में जुटे पुलिस अफसर, दहशत के बीच मंडलीय चिकित्सालय में भर्ती कराए गए घायल, सुरक्षा व्यवस्था की गई सख्त

वाराणसी, 4 जुलाई 2026ः

काशी विश्वनाथ मंदिर में पीएसी जवान की कार्बाइन से गोली चलने से भगदड़ मच गई। इस दौरान तीन श्रद्धालु छर्रे और पत्थर लगने से घायल हो गए। घायलों को मंडलीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। घटना के बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद मंदिर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर 4 बी के पास ड्यूटी के दौरान पीएसी जवान की कार्बाइन से अचानक गोली चल गई। गोली की आवाज सुनकर लोगों में भगदड़ मच गई। गोली पत्थर से टकरा गई, जिससे छर्रे और पत्थर की गिट्टियां मंदिर परिसर में खड़े श्रद्धालुओं को लग गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को मंडलीय चिकित्सालय कबीरचौरा में भर्ती कराया। घायलों की पहचान निक्की गुप्ता, राम बाबू और विकास यादव के रूप में हुई है।

घटना की सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद मंदिर और आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पीएसी जवान से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला कार्बाइन से अचानक फायरिंग का लग रहा है। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है, जिससे पता चल सके कि गोली किन परिस्थितियों में चली। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि कहीं सुरक्षा मानकों में किसी प्रकार की लापरवाही तो नहीं की गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। डॉक्टरों ने घायलों की हालत सामान्य बताई है। किसी को गंभीर चोट नहीं लगी है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button