
बाराबंकी, 6 जुलाई 2026:
बाराबंकी के जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में समग्र शिक्षा (माध्यमिक) के तहत आउटसोर्सिंग पर तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर विनीता वर्मा ने जिला अधिकारी को इस्तीफा भेज दिया है। करीब पांच साल से कार्यरत विनीता ने जिला विद्यालय निरीक्षक अमिता सिंह पर मानसिक प्रताड़ना, अभद्र व्यवहार और धमकी देने का आरोप लगाया है।
विनीता वर्मा का कहना है कि अमिता सिंह के कार्यभार संभालने के बाद से उनके साथ लगातार अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है। आरोप है कि 24 जून 2026 को डीआईओएस उनके कक्ष में पहुंचीं और अपमानजनक शब्द कहे। साथ ही इस्तीफा नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने और नौकरी करने लायक नहीं छोड़ने की धमकी भी दी।
कंप्यूटर ऑपरेटर का कहना है कि लगातार हो रही मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर उन्होंने पद छोड़ने का फैसला किया। उन्होंने जिला अधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही अप्रैल, मई और जून 2026 का बकाया मानदेय दिलाने की भी गुहार लगाई है।
उधर, जिला विद्यालय निरीक्षक अमिता सिंह ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार और मनगढ़ंत बताया है। उनका कहना है कि लगाए गए आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है। फिलहाल विनीता द्वारा दिया गया इस्तीफा सुर्खियों में है। DIOS की कार्यशैली को लेकर भी जमकर चर्चा हो रही है।






