Raebareli City

रायबरेली को सौगात: 50 करोड़ से बनेगा UP का पहला हाईटेक उद्यान महाविद्यालय, ये होंगी सुविधाएं

उद्यान एवं कृषि राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह आवास पर मीडिया से हुए रूबरू, हरचंदपुर में 22 हेक्टेयर क्षेत्र में स्थापित होगा महाविद्यालय, सांसद चंद्रशेखर आजाद के बयानों पर भी दी प्रतिक्रिया

विजय पटेल

रायबरेली, 7 जुलाई 2026ः

यूपी के उद्यान एवं कृषि राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने रायबरेली को एक बड़ी सौगात देने का ऐलान किया। मंत्री ने रायबरेली अपने आवास पर मीडिया से बातचीत में बताया कि हरचंदपुर में करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से प्रदेश का पहला हाईटेक उद्यान महाविद्यालय स्थापित किया जाएगा। यह संस्थान 22 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित होगा। यहां आधुनिक प्रयोगशालाएं, छात्रावास, प्रशासनिक भवन, शोध केंद्र और अन्य अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

राज्यमंत्री ने कहा कि यह महाविद्यालय केवल शिक्षण संस्थान नहीं होगा, बल्कि उद्यानिकी अनुसंधान और नवाचार का प्रमुख केंद्र बनेगा। भविष्य में इसे उद्यान विश्वविद्यालय के रूप में विकसित करने की भी योजना है। उनका दावा है कि इस परियोजना से उद्यानिकी फसलों को बढ़ावा मिलेगा, किसानों को नई तकनीकों का लाभ मिलेगा और उनकी आय बढ़ाने में मदद मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में कृषि अनुसंधान और कौशल विकास को भी नई दिशा मिलेगी।

इस दौरान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने सांसद चंद्रशेखर आजाद के हालिया राजनीतिक बयानों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि एक सांसद के दम पर सरकार बनाने या गिराने जैसे दावे केवल अति उत्साह का परिणाम हैं। अयोध्या प्रकरण में एसआईटी जांच पर उठाए गए सवालों को लेकर उन्होंने कहा कि यह चंद्रशेखर आजाद की व्यक्तिगत राय है और जांच एजेंसियां अपना काम निष्पक्ष तरीके से कर रही हैं।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button