Uttarakhand

खेल मंत्री का फरमान: सुझावों से तैयार होगी नई खेल नीति, पारंपरिक खेलों को भी मिलेगा स्थान

मंत्री रेखा आर्या ने विभागीय बैठक में नई नीति को लेकर की चर्चा, उत्कृष्ट सुझाव देने वाले होंगे सम्मानित, ऑनलाइन लिंक किया जाएगा जारी, खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की तैयारियां तेज करने के निर्देश

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 7 जुलाई 2026ः

उत्तराखंड की नई खेल नीति को तैयार करने में अब खिलाड़ियों के साथ आम जनता व खेल प्रेमियों का भी सहयोग लिया जाएगा। खेल मंत्री रेखा आर्या ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि नई खेल नीति को बेहतर बनाने के लिए लोगों से सुझाव आमंत्रित किए जाएं। इसके लिए जल्द ही ऑनलाइन लिंक जारी किया जाएगा। मंत्री ने कहा इस नीति में उत्तराखंड के पारंपरिक खेलों को भी स्थान दिया जाएगा।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने मंगलवार को विभागीय बैठक में नई खेल नीति पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि इसमें केंद्र सरकार की खेल नीति के प्रावधानों को शामिल करने के साथ ही उत्तराखंड के पारंपरिक खेलों को भी शामिल किया जाएगा। प्रदेश की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ऐसी नीति बनाई जाएगी, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिल सकें। इसके लिए आम लोगों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों से सुझाव लिए जाएंगे। परीक्षण के बाद उपयोगी सुझावों को इस नीति में शामिल किया जाएगा।

ये भी पढ़ें:

उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट सुझाव देने वाले लोगों को सम्मानित करने की भी योजना बनाई जा रही है। बैठक में खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की तैयारियों को गति देने के निर्देश भी दिए गए। खेल मंत्री ने कहा कि प्रदेश में खेल शिक्षा और प्रशिक्षण को मजबूत करने के लिए खेल विश्वविद्यालय महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इसके अलावा पदक विजेता खिलाड़ियों को सेवा में विशेष अवसर देने की प्रक्रिया को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।

रेखा आर्या ने बताया कि कुछ उत्कृष्ट खिलाड़ियों को खेल अकादमियों से जोड़ने की भी तैयारी की जा रही है, ताकि वे नई प्रतिभाओं को प्रशिक्षित कर सकें। बैठक में विशेष प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा, खेल निदेशक दीप्ति सिंह, अपर निदेशक अजय अग्रवाल, महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के प्राचार्य राजेश ममगाईं आदि मौजूद रहे।

READ MORE

ये भी पढ़ें  गदरपुर में शहीद ऊधम सिंह को नमन, सीएम धामी बोले, उनका साहस देश के लिए हमेशा प्रेरणा रहेगा

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button