
अनिल निषाद
अयोध्या, 10 जुलाई 2026:
राम मंदिर ट्रस्ट के चढ़ावा चोरी मामले को लेकर गरम सियासी माहौल के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या के बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के सोहावल में आयोजित जनसभा से समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। जनसभा में उन्होंने हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़े जाने के पुराने विवाद का जिक्र किया और विपक्ष से कई सवाल पूछे। साथ ही उन्होंने अयोध्या के विकास, राम मंदिर निर्माण, धार्मिक विरासत और सरकार की योजनाओं को भी अपने संबोधन का बड़ा हिस्सा बनाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग आज आस्था की बातें कर रहे हैं, उन्हें यह याद करना चाहिए कि उनके शासनकाल में हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाई गई थी। उन्होंने कहा कि अगर कोई जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ नहीं करवा सकता, तो फिर अयोध्या के पवित्र धार्मिक स्थल पर ऐसा क्यों कराया गया था। उन्होंने इसे पाप बताते हुए कहा कि जनता सब कुछ याद रखती है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या लंबे समय तक उपेक्षा का शिकार रही। यहां सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं की भी कमी थी। मां सरयू के किनारे बसे होने के बावजूद श्रद्धालुओं को उसकी महिमा का पूरा लाभ नहीं मिल पाता था। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब गंदगी अयोध्या की पहचान बन गई थी, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कहा था सूर्यवंश की राजधानी रात्रि में भगवान सूर्य की रोशनी से जगमगानी चाहिए। आज अयोध्या सोलर सिटी के रूप में स्थापित हो चुकी है। भक्ति पथ, राम पथ और जन्मभूमि पथ अयोध्या धाम की नई पहचान बन रहे हैं। जो सड़कें कभी सिंगल लेन थीं, वे आज फोरलेन और सिक्सलेन बन चुकी हैं। एयर कनेक्टिविटी, रेल कनेक्टिविटी और रोड कनेक्टिविटी का विस्तार आज अयोध्या के समग्र विकास का आधार बन रहा है।
आज अयोध्या देश ही नहीं बल्कि दुनिया के सामने नई पहचान के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि पहले अयोध्या का नाम लेने में लोगों को संकोच होता था, लेकिन अब यही शहर भारत की सांस्कृतिक पहचान बनकर उभरा है। उन्होंने दावा किया कि जो काम पिछले 500 वर्षों में नहीं हो सका, वह अब संभव हुआ है।
राम मंदिर निर्माण का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके लिए समाज के हर वर्ग ने संघर्ष किया। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने मंदिर निर्माण में लगातार बाधाएं खड़ी कीं। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाए गए, रामभक्तों पर गोलियां चलवाई गईं और जय श्रीराम का नारा लगाने वालों पर लाठियां बरसाई गईं। इसके बावजूद जनता के आशीर्वाद और डबल इंजन सरकार के प्रयासों से भव्य राम मंदिर का निर्माण पूरा हुआ।
उन्होंने कहा कि विपक्ष आज अयोध्या में हो रहे विकास का विरोध इसलिए कर रहा है क्योंकि वह अपने शासनकाल में ऐसा नहीं कर पाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि के नाम पर बने एयरपोर्ट से भी कुछ लोगों को परेशानी है। निषादराज के नाम पर बने रैन बसेरे का भी विरोध किया गया। उन्होंने श्रृंगवेरपुर का जिक्र करते हुए कहा कि जिस क्षेत्र को पहले वक्फ के नाम पर कब्जे की राजनीति से जोड़ा जाता था, वहां आज सौंदर्यीकरण और विकास के नए काम हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु श्रीराम की मर्यादा को ध्यान में रखकर सरकार ने हर फैसला लिया है। उसी का परिणाम है कि आज अयोध्या आधुनिक सुविधाओं के साथ धार्मिक आस्था का भी बड़ा केंद्र बन गई है। उन्होंने कहा कि जो लोग कभी कहते थे कि अयोध्या में परिंदा भी पर नहीं मार सकता, वे आज बदली हुई अयोध्या अपनी आंखों से देख रहे हैं।
जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय स्तर पर कई अहम घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि सोहावल क्षेत्र की सुचितागंज नगर पंचायत का नाम मां ज्वाला देवी के नाम पर रखा जाएगा। इसके साथ ही भदरसा नगर पंचायत का नाम बदलकर भरत नगर या भरतकुंड नगर पंचायत किए जाने का ऐलान भी किया। उन्होंने कहा कि यह फैसला स्थानीय जनभावनाओं को ध्यान में रखकर लिया गया है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बीकापुर तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने स्थानीय विधायक के कामकाज की सराहना करते हुए कहा कि जनता ने अच्छा प्रतिनिधि चुना है, इसलिए इलाके में विकास दिखाई दे रहा है। उन्होंने भरत के चरित्र का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया में भरत जैसा भाई मिलना कठिन है और अयोध्या का सौभाग्य है कि उसने राम, भरत, लक्ष्मण और शत्रुघ्न जैसे आदर्श दिए।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान करीब 432 करोड़ रुपये की 217 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 269.39 करोड़ रुपये की 131 परियोजनाओं का शिलान्यास और 163.30 करोड़ रुपये की 86 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल रहा।
लोकार्पण की परियोजनाओं में मसौधा स्थित राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय का ट्रांजिट हॉस्टल, ड्रग वेयर हाउस, बीकापुर का राजकीय महाविद्यालय और लोहिया पुल के पास बना डाक बंगला प्रमुख रहे। वहीं जिन परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया, उनमें मऊ में गो संरक्षण केंद्र, सुरवारी में सामुदायिक केंद्र भवन, राजकीय और महिला पॉलिटेक्निक में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना, महिला पॉलिटेक्निक से फोरलेन सड़क निर्माण जैसी योजनाएं शामिल हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बैंक सखियों को सम्मानित किया। उन्होंने पूर्व मंत्री मुन्ना सिंह चौहान की प्रतिमा का अनावरण भी किया। इसके अलावा अन्नप्राशन कार्यक्रम में शामिल होकर छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया और उनके परिवारों से मुलाकात की।
अपने पूरे संबोधन में मुख्यमंत्री ने अयोध्या को धार्मिक आस्था के साथ विकास का मॉडल बताते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य सिर्फ मंदिर निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे क्षेत्र को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ना भी है। उन्होंने कहा कि सड़क, एयरपोर्ट, पर्यटन, धार्मिक स्थल, बुनियादी सुविधाएं और रोजगार के नए अवसरों के जरिए अयोध्या को नई पहचान दी जा रही है। जनसभा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।






