Business

Share Market : तेल संकट से सेंसेक्स टूटा, निफ्टी 24,100 के नीचे, SBI Funds IPO भी आज से खुला

कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल, विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली से बाजार पर दबाव, एशियाई बाजारों में भी कमजोरी दिखी, निवेशकों की नजर अब Global संकेतों और Crude Oil की चाल पर

बिजनेस डेस्क, 14 जुलाई 2026:

सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत बड़ी गिरावट के साथ हुई। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और विदेशी निवेशकों की बिकवाली ने बाजार का माहौल बिगाड़ दिया। कारोबार शुरू होते ही बीएसई सेंसेक्स 550 अंकों से ज्यादा लुढ़क गया, जबकि एनएसई निफ्टी 24,100 के अहम स्तर से नीचे फिसल गया।

शुरुआती कारोबार में बाजार पर दबाव

शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 552.99 अंक टूटकर 77,063.41 पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी 160.45 अंक की गिरावट के साथ 24,050.55 पर कारोबार करता दिखा। लगातार दूसरे दिन कमजोर Global संकेतों ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी।

इन शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट

सेंसेक्स की कंपनियों में इंटरग्लोब एविएशन, एचसीएल टेक, बजाज फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट और लार्सन एंड टुब्रो के शेयर सबसे ज्यादा दबाव में रहे। दूसरी तरफ भारती एयरटेल, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, अडानी पोर्ट्स और टाटा स्टील में खरीदारी देखने को मिली, जिससे इन शेयरों ने गिरते बाजार में भी बढ़त दर्ज की।

कच्चे तेल की तेजी बनी बड़ी वजह

बाजार पर सबसे बड़ा असर कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का देखने को मिला। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड करीब 1.63 फीसदी बढ़कर 84.60 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है, इसलिए कच्चे तेल की महंगाई का असर शेयर बाजार के साथ अर्थव्यवस्था पर भी पड़ सकता है।

विदेशी निवेशकों की बिकवाली जारी

विदेशी संस्थागत निवेशक लगातार भारतीय बाजार से पैसा निकाल रहे हैं। सोमवार को विदेशी निवेशकों ने 3,062.27 करोड़ रुपये के शेयर बेचे थे। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि विदेशी बिकवाली बढ़ने से बाजार पर दबाव बना हुआ है और निवेशक फिलहाल सतर्क रुख अपना रहे हैं।

एक्सपर्ट ने क्या कहा

मार्केट एक्सपर्ट वीके विजयकुमार का कहना है कि अमेरिका-ईरान तनाव बढ़ने से कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है। अगर यह तेजी लंबे समय तक बनी रहती है तो इसका असर भारत के आर्थिक हालात और शेयर बाजार दोनों पर पड़ सकता है। ऐसे माहौल में बाजार में उतार-चढ़ाव बढ़ने की संभावना है।

एशियाई बाजारों में भी दिखी कमजोरी

भारतीय बाजार पर सिर्फ घरेलू नहीं बल्कि Global Market का भी असर दिखा। दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई 225, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग शुरुआती कारोबार में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। वहीं अमेरिकी शेयर बाजार भी पिछले कारोबारी सत्र में गिरावट के साथ बंद हुए थे।

SBI Funds IPO भी आज से खुला

इसी बीच निवेशकों के लिए एक और बड़ी खबर आई है। देश की प्रमुख एसेट मैनेजमेंट कंपनियों में शामिल SBI Funds Management का IPO आज से खुल गया है। यह इश्यू 16 जुलाई तक खुला रहेगा। कंपनी ने 545 से 574 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। निवेशक न्यूनतम 26 शेयरों के एक लॉट के लिए आवेदन कर सकते हैं। ऊपरी प्राइस बैंड के हिसाब से एक लॉट की कीमत 14,924 रुपये होगी। शेयरों की लिस्टिंग बीएसई और एनएसई पर होगी।
share-market-crash-sensex-tumbles-nifty-below-24100-crude-oil-rise (2)
READ MORE

ये भी पढ़ें  Airfare को लगा ब्रेक! लखनऊ से दिल्ली-मुंबई समेत बड़े शहरों की उड़ानें हुईं सस्ती... जानें रेट

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button