
राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 11 अगस्त 2026ः
नीट पेपर लीक और झारखंड में छात्रों के आंदोलन को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप की सियासत तेज हो गई है। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मंगलवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व सांसद राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल युवाओं और छात्रों के बीच भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री उनियाल ने कहा कि पहले राहुल गांधी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा मांग रहे थे, अब जब इस्तीफा हो गया और सरकार संसद में चर्चा के लिए तैयार है तो वह चर्चा से बचते नजर आ रहे हैं। उन्होंने झारखंड का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां की घटनाओं पर राहुल गांधी चुप हैं, जबकि झारखंड में छात्रों को रोकने के लिए कंटीले तार लगाए गए। शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठा रहे छात्रों के साथ बर्बरता की गई, लेकिन राहुल कोई बयान सामने नहीं आया है। इससे उनका दोहरा चरित्र जनता के सामने उजागर हो चुका है।
उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को देश की जनता पहले ही नकार चुकी है। इसलिए कांग्रेस युवाओं की समस्याओं को समाधान की दिशा में ले जाने के बजाय उन्हें राजनीतिक मुद्दा बनाकर छात्रों को भड़काने का प्रयास कर रही है। कैबिनेट मंत्री ने पीएम मोदी के खिलाफ राहुल द्वारा कथित तौर पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर भी निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि नकल और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए उत्तराखंड सरकार ने कठोर कानून बनाया है। सुबोध उनियाल ने दोहराया कि सरकार युवाओं के हितों को लेकर गंभीर है और नकल व पेपर लीक के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, शैलेन्द्र बिष्ट गढ़वाली, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, सह प्रभारी राजेंद्र नेगी और प्रवक्ता कमलेश रमन मौजूद रहे।






