
विजय पटेल
रायबरेली, 12 अगस्त 2026ः
यूपी के रायबरेली में तिरंगा यात्रा के दौरान युवाओं से संवाद करने पहुंचे कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। कैबिनेट मंत्री ने मीडिया से बातचीत में विपक्ष के बयानों पर पलटवार करते हुए कई मुद्दों पर सरकार का पक्ष रखा।
कैबिनेट मंत्री ने शिवपाल यादव के मुकदमे वापस लेने संबंधी बयान पर कहा कि उत्तर प्रदेश में पहले भी आतंकवादियों और बम विस्फोट के आरोपियों के मुकदमे वापस लिए गए थे। उन्होंने कहा कि ऐसी पार्टियों से देशभक्ति की उम्मीद नहीं की जा सकती। मनोज पांडेय ने दावा किया कि जनता सब कुछ देख रही है और समय आने पर इसका जवाब देगी।
मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने सांसद राहुल गांधी के युवाओं से संवाद कार्यक्रम को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि युवाओं से संवाद करना भाजपा के लिए कोई नया प्रयोग नहीं है। भाजपा लगातार युवाओं के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनती रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल उनके कार्यक्रमों की नकल करते होंगे, उनका नेता प्रतिपक्ष से कोई लेना-देना नहीं है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उनसे लगातार संवाद जरूरी है, ताकि सरकार और युवाओं के बीच कोई कम्युनिकेशन गैप न रहे। तिरंगा यात्रा के दौरान छात्रों ने भ्रष्टाचार, खराब सड़कें, जलनिकासी और बिजली जैसी समस्याएं भी उठाईं। छात्रों की समस्याएं सुनकर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल समस्याओं का निदान करने के निर्देश दिए।

नीट पेपर लीक पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पेपर लीक और परीक्षा में धांधली रोकने के लिए कड़े कानून बनाए हैं। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि दिल्ली में नीट पेपर लीक को लेकर राजनीति करने वाले लोग दूसरे राज्यों में पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों के मुद्दे पर चुप हैं।






