Uttarakhand

THDC टनल हादसा: 7 की मौत, 3 की तलाश जारी, सीएम धामी ने खुद संभाली रेस्क्यू की कमान

टनल से 12 मजदूरों को सुरक्षित निकाला गया, 3 की तलाश में NDRF, SDRF, ITBP का अभियान जारी, हादसे में टिहरी के नवविवाहित प्रदीप पंवार की भी गई जान, मुख्यमंत्री ने कंट्रोल रूम के बाद घटनास्थल पहुंचकर रेस्क्यू का जायजा लिया

योगेंद्र मलिक/राजकिशोर तिवारी

चमोली, 14 अगस्त 2026:

मायापुर (पीपलकोटी) में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में गुरुवार शाम को हुए हादसे के बाद शुक्रवार को भी राहत-बचाव अभियान लगातार जारी रहा। टनल में फंसे लोगों को निकालने के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस समेत कई एजेंसियां लगातार काम कर रही हैं। अब तक 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि 3 लोग अब भी लापता हैं। हादसे में 7 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

डेढ़ किलोमीटर अंदर हुआ हादसा

ये भी पढ़ें:

टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की करीब तीन किलोमीटर लंबी टीआरटी टनल में लगभग डेढ़ किलोमीटर अंदर अचानक भूधंसाव के बाद मलबा और पानी भर गया। इसी दौरान टनल में काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा।
THDC टनल हादसा_ 7 की मौत, 3 की तलाश जारी, सीएम धामी ने खुद संभाली रेस्क्यू की कमान (2)

कंट्रोल रूम से घटनास्थल तक सक्रिय रहे सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हादसे के बाद लगातार हालात पर नजर बनाए रहे। गुरुवार रात उन्होंने कंट्रोल रूम पहुंचकर राहत-बचाव अभियान की जानकारी ली। शुक्रवार सुबह वह सीधे घटनास्थल पहुंचे और अधिकारियों से पूरी स्थिति जानी। मुख्यमंत्री टनल के भीतर तक गए और रेस्क्यू टीमों से अभियान की जानकारी ली।

हर संभव मदद पर धामी का रहा फोकस

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लापता तीन लोगों को निकालने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों, आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञ टीमों का पूरा इस्तेमाल किया जाए। साथ ही घायलों के इलाज, परिजनों की मदद और मौके पर जरूरी इंतजाम में कोई कमी नहीं रहने के निर्देश भी दिए।
THDC टनल हादसा_ 7 की मौत, 3 की तलाश जारी, सीएम धामी ने खुद संभाली रेस्क्यू की कमान (3)

मलबा और पानी से चुनौती से भरा रहा रेस्क्यू

जिलाधिकारी गौरव कुमार पूरे समय घटनास्थल पर मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि टनल के भीतर लगातार मलबा और पानी आने से रेस्क्यू चुनौतीपूर्ण बना हुआ है, फिर भी अभियान बिना रुके जारी है। बचाव दल पूरी सावधानी के साथ अंदर काम कर रहे हैं। घायलों को जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।

कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

घटनास्थल पर काबीना मंत्री भरत चौधरी, विधायक भूपाल राम टम्टा, आपदा सचिव विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी गौरव कुमार, एसपी सुरजीत सिंह पंवार समेत कई अधिकारी लगातार रेस्क्यू अभियान की निगरानी करते रहे।

4 महीने पहले हुई थी शादी, अब उजड़ गया परिवार

हादसे में जान गंवाने वालों में टिहरी जिले के थौलधार ब्लॉक के ग्राम गंवाल (काफलपानी) निवासी 31 वर्षीय प्रदीप पंवार भी शामिल हैं। प्रदीप की शादी इसी साल 13 अप्रैल को हुई थी। शादी के महज चार महीने बाद ही उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों के मुताबिक कुछ समय पहले ही प्रदीप की मां का निधन हुआ था। परिवार उस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि अब बेटे की मौत की खबर पहुंच गई। परिवार में पिता, पत्नी, दो भाई और भाभी हैं। गांव में शोक का माहौल है और नवविवाहिता पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
THDC टनल हादसा_ 7 की मौत, 3 की तलाश जारी, सीएम धामी ने खुद संभाली रेस्क्यू की कमान (4)

देखें हादसे में जान गंवाने वालों की लिस्ट:
THDC टनल हादसा_ 7 की मौत, 3 की तलाश जारी, सीएम धामी ने खुद संभाली रेस्क्यू की कमान (5)

ये भी पढ़ें  ‘गोबरधन’ योजना : गोबर से गैस तक, ₹23,731 करोड़ से बदलेगी गांवों की अर्थव्यवस्था

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link