
लखनऊ, 14 अगस्त 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को शिक्षा व्यवस्था की बदहाली के खिलाफ जेन अल्फा का गुस्सा सड़क पर उतर आया। पारा क्षेत्र के मोहान रोड स्थित समाज कल्याण विभाग के जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय के सैकड़ों छात्रों ने विद्यालय की अव्यवस्थाओं और शिक्षकों की कमी को लेकर बुद्धेश्वर-मोहान रोड पर प्रदर्शन कर दिया। छात्रों के सड़क पर उतरने से आगरा एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाला मार्ग जाम हो गया। इसी दौरान समाज कल्याण विभाग के मंत्री असीम अरुण की गाड़ी भी जाम में फंस गई।

जाम की जानकारी होने पर मंत्री असीम अरुण गाड़ी से उतरे और प्रदर्शन कर रहे छात्रों से सीधे बातचीत की। छात्रों ने उन्हें विद्यालय की समस्याओं से अवगत कराया। इसके बाद मंत्री ने छात्रों को समझाया और उन्हें विद्यालय परिसर में चलने के लिए राजी किया। प्रमुख सचिव अनुराग यादव भी मौके पर पहुंचे। विद्यालय प्रशासन की मदद से छात्रों को परिसर में ले जाया गया, जहां ऑडिटोरियम में छात्रों ने मंत्री के सामने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं।

छात्रों का सबसे बड़ा आरोप शिक्षकों की कमी को लेकर है। उनका कहना है कि विद्यालय में चार सौ से अधिक विद्यार्थी पढ़ रहे हैं लेकिन पढ़ाने के लिए महज सात शिक्षक हैं। इससे पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। छात्रों ने भोजन की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि खाने में कई बार कीड़े मिलने की शिकायत की गई लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। फार्मासिस्ट पर भी लापरवाही का आरोप लगाया गया। छात्रों का कहना था कि तबीयत खराब होने पर पर्याप्त उपचार के बजाय केवल टैबलेट देकर मामला टाल दिया जाता है।
इसके अलावा छात्रों ने खेलकूद का सामान न होने, बिजली व्यवस्था खराब होने, लाइब्रेरी का इस्तेमाल नहीं कर पाने और साफ-सफाई की समस्याएं भी गिनाईं। नीट और जेईई की तैयारी के लिए चल रही मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग में केमिस्ट्री के शिक्षक की कमी का मुद्दा भी छात्रों ने उठाया।
मंत्री असीम अरुण ने छात्रों की समस्याएं सुनने के बाद जल्द समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की कमी का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। पिछले वर्ष अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था की गई थी, लेकिन हाईकोर्ट से रोक लग गई। इस मामले में 17 अगस्त को सुनवाई की तारीख लगी है। मंत्री ने कहा कि एक सप्ताह के भीतर प्रभावी पैरवी कर मामले के निस्तारण का प्रयास किया जाएगा।

मंत्री ने कहा कि लखनऊ में समाज कल्याण विभाग के दो सर्वोदय विद्यालय संचालित हैं। बच्चों की समस्या विभाग की अपनी समस्या है। आश्वासन के बाद छात्रों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया और यातायात सामान्य हुआ।






