
लखनऊ, 26 सितंबर 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में लगातार तीसरे दिन जारी बारिश और खराब मौसम ने हवाई यातायात की रफ्तार भी थाम दी है। लखनऊ के चौधरी चरण सिंह (अमौसी) इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शुक्रवार रात से विजिबिलिटी बेहद कम होने के कारण कई विमानों की लैंडिंग नहीं हो सकी। आसमान में चक्कर लगाने के बाद कुछ विमानों को दिल्ली और नोएडा एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट करना पड़ा। शनिवार को भी लो विजिबिलिटी का असर फ्लाइट संचालन पर बना हुआ है।

एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक हैदराबाद से शुक्रवार रात करीब आठ बजे लखनऊ आने वाली इंडिगो की उड़ान को दिल्ली डायवर्ट किया गया। वहीं गोवा से करीब साढ़े आठ बजे आने वाली इंडिगो की फ्लाइट को नोएडा एयरपोर्ट भेजा गया। इंदौर से 9:10 बजे आने वाली इंडिगो की उड़ान भी नोएडा डायवर्ट हुई।

बेंगलुरु से रात 9:45 बजे आने वाली इंडिगो की फ्लाइट और 9:55 बजे आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान को भी लखनऊ में लैंडिंग नहीं मिल सकी और दोनों को दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया। दिल्ली से रात 10:40 बजे रवाना होकर लखनऊ पहुंचने वाली इंडिगो की फ्लाइट भी खराब विजिबिलिटी के कारण एयरपोर्ट पर नहीं उतर पाई। विमान ने कुछ देर लखनऊ के आसमान में चक्कर लगाया और फिर वापस दिल्ली लौट गया। शनिवार सुबह पांच फ्लाइटें लखनऊ पहुंचीं।
यात्रियों के लिए एयरपोर्ट की एडवाइजरी
अगले 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की तीव्रता और बढ़ने के अनुमान को देखते हुए एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। बारिश के कारण शहर में कई जगह ट्रैफिक जाम और वाहनों की रफ्तार धीमी है। ऐसे में यात्रियों को एयरपोर्ट पहुंचने के लिए घर से अतिरिक्त समय लेकर निकलने को कहा गया है।
#PassengerAdvisory pic.twitter.com/kr12BeHsiH
— Lucknow Airport (@lkoairport) September 25, 2026
लखनऊ इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड की टीम मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। यात्रियों की सुविधा और एयरपोर्ट संचालन को सुचारु रखने के लिए टीम चौबीसों घंटे तैयार है। प्रबंधन ने यात्रियों से मौसम और ट्रैफिक की स्थिति को ध्यान में रखकर अपनी यात्रा की योजना बनाने की अपील की है।






