
सीतापुर, 14 अगस्त 2026:
सीतापुर में शुक्रवार सुबह स्कूल जा रहे एक शिक्षक की कार में बैठे-बैठे मौत हो गई। घटना शहर कोतवाली क्षेत्र में फायर ब्रिगेड ऑफिस के पास की है। काफी देर तक सड़क किनारे कार खड़ी रहने पर आसपास के दुकानदारों को शक हुआ। उन्होंने पास जाकर देखा तो शिक्षक आगे वाली सीट पर अचेत पड़े थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है।

स्कूल जाते समय कार का पिछला पहिया हुआ पंचर
कोतवाली देहात के इस्माइलपुर निवासी 50 वर्षीय राधेश्याम पटेल जनता माध्यमिक विद्यालय सोनारी में शिक्षक के रूप में तैनात थे। शुक्रवार को सुबह भी वो ड्यूटी के लिए करीब साढ़े सात बजे वह अपनी मारुति 800 कार से निकले थे। घर से करीब 15 किलोमीटर दूर पहुंचने पर कार का पिछला टायर पंक्चर हो गया। उन्होंने सड़क किनारे कार रोककर खुद ही टायर बदलना शुरू कर दिया।
स्टेपनी निकालकर सीट पर बैठे तो फिर नहीं उठ सके, हलचल न देख लोगों को हुआ शक
आसपास के लोगों का कहना है कि शिक्षक ने डिक्की से स्टेपनी निकाल ली थी। कुछ देर बाद वह वापस कार में जाकर बैठ गए। लोगों को लगा कि शायद आराम कर रहे होंगे, इसलिए किसी ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया। करीब दो घंटे बाद भी कार वहीं खड़ी रही और उसका दरवाजा खुला दिखा तो लोगों को शक हुआ। पास जाकर आवाज दी, शरीर हिलाया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सीट पर मृत शिक्षक से लिपटकर रोतीं रहीं पत्नी व बेटी
आनन फानन पत्नी अनुराधा पटेल और बेटी यशस्वी मौके पर पहुंचीं। पति का शव देखते ही पत्नी फूट-फूटकर रोने लगीं, जबकि बेटी बार-बार यही कहती रही कि पापा उठिए, घर चलिए। बेटी के मुंह से ये बातें सुनकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। दोनों काफी देर तक सीट पर मृत पड़े घर के मुखिया से लिपटकर रोतीं रहीं। पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद साफ होगी। फिलहाल मौके से मिले हालात को देखते हुए हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है।






