
लखनऊ, 16 अगस्त 2026:
समाजवादी पार्टी के मुखिया एवं पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने रविवार को भाजपा पर एक बार फिर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पद्यात्मक अंदाज में पोस्ट साझा करते हुए मंदिर के धन और धर्म-दान के पैसे को लेकर सवाल खड़े किए।

अखिलेश ने भाजपा पर गंभीर आरोपों की ओर इशारा करते हुए लिखा कि ‘राम जी से घात का पैसा’ और ‘धर्म-दान पात्र का पैसा’ नहीं चाहिए। अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट को गीतनुमा अंदाज में आगे बढ़ाते हुए लिखा- ‘ऐसा पैसा नहीं चाहिए।’ उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा पैसा न तो फलेगा और न ही ज्यादा दिन चलेगा। इसके साथ ही उन्होंने लिखा कि जो ऐसा पैसा लेगा, उसे पाप लगेगा।
सपा प्रमुख ने अपनी पोस्ट में समर्थकों और जनता से अपील के अंदाज में सवाल भी खड़ा किया। उन्होंने लिखा कि जब भाजपा की ओर से कोई आए और पैसे का लालच दिखाए तो उसे बैठाकर पूछा जाए कि पैसा क्यों चुराया और मंदिर का मान क्यों गिराया। इसके साथ ही उन्होंने बार-बार दोहराया- ‘नहीं चाहिए-नहीं चाहिए, ऐसा पैसा नहीं चाहिए।’
अखिलेश ने आगे कथित तौर पर ऐसे धन को पाप से जोड़ते हुए लिखा कि जिस पैसे से पाप पड़े, उसे हाथ नहीं लगाना चाहिए, वरना श्राप लग जाएगा और पाप सबका नाश कर देगा। अखिलेश की इस पोस्ट को भाजपा पर उनके ताजा राजनीतिक हमले के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, पोस्ट में लगाए गए आरोपों पर भाजपा की प्रतिक्रिया सामने आना अभी बाकी है।






