Uttar Pradesh

दूधेश्वरनाथ धाम में योगी का शिव-संकल्प, बोले- संस्कृत भारत की सनातन ज्ञानधारा और राष्ट्र निर्माण का आधार

गाजियाबाद के ऐतिहासिक मंदिर में सीएम योगी ने किया जलाभिषेक-दुग्धाभिषेक, संतों से लिया आशीर्वाद, भारतीय ज्ञान परंपरा और संस्कृत के संरक्षण को बताया राष्ट्र निर्माण का आधार

गाजियाबाद, 18 जुलाई 2026:

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को गाजियाबाद के ऐतिहासिक एवं पौराणिक महत्व वाले श्री दूधेश्वरनाथ महादेव मठ मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ का विधि-विधानपूर्वक जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और विशेष पूजन-अर्चन कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, आरोग्य और लोककल्याण की कामना की।

वैदिक मंत्रोच्चार और शिव स्तुति के बीच संपन्न पूजन से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में स्थापित शिवलिंग पर पुष्प अर्पित किए और नंदी महाराज के दर्शन कर श्रद्धापूर्वक पुष्प चढ़ाए। उन्होंने मठ परिसर में मौजूद संत-महात्माओं का कुशलक्षेम भी पूछा और प्रदेश में शांति, सद्भाव, सांस्कृतिक उत्थान एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर संत समाज से चर्चा की।
WhatsApp Image 2026-07-18 at 18.43.36

मंदिर आगमन पर वेदपाठी बटुकों ने वैदिक स्वस्तिवाचन और पुष्पवर्षा के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने वेदाध्ययन कर रहे बटुकों और संस्कृत शिक्षार्थियों से आत्मीय संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि संस्कृत केवल एक भाषा नहीं बल्कि भारत की सनातन ज्ञानधारा की वाहिका है। भारतीय सांस्कृतिक चेतना और आध्यात्मिक विरासत को पीढ़ी-दर-पीढ़ी संरक्षित रखने में इसका महत्वपूर्ण योगदान है।

मुख्यमंत्री ने मंदिर एवं मठ परिसर की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया और श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया। श्री दूधेश्वरनाथ महादेव मठ मंदिर गाजियाबाद का प्राचीन शिवधाम है, जिसे सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक साधना और वैदिक परंपरा का प्रमुख केंद्र माना जाता है। इस अवसर पर मंदिर के पीठाधीश्वर, संत समाज और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें  AI, रोबोटिक्स और क्वांटम कंप्यूटिंग का नया ठिकाना बनेगा UP, लखनऊ-नोएडा में खुलेंगे डीप टेक के ‘यू हब’

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button