
बुलंदशहर, 18 जुलाई 2026:
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बुलंदशहर से कानून व्यवस्था, विकास और निवेश को लेकर अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में बेटियां और व्यापारी सुरक्षित हैं। जो लोग उनकी सुरक्षा से खिलवाड़ करेंगे, उनके लिए सिर्फ दो ही जगह हैं, जेल या जहन्नुम। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भय, दंगों और असुरक्षा का माहौल था, जबकि अब प्रदेश में न दंगा है और न कर्फ्यू, अब यहां सब चंगा है।
574 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री ने बुलंदशहर और सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्र में 574 करोड़ रुपये से ज्यादा की 57 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम में अलग-अलग सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक, लैपटॉप, आयुष्मान कार्ड, टूलकिट, आवास की चाबी, थर्मल प्रिंटर, छात्रवृत्ति प्रमाण पत्र और सब्सिडी भी वितरित की गई। प्रदर्शनी का अवलोकन करते समय उन्होंने बच्चों से मुलाकात कर उन्हें खिलौने भी दिए।

2017 से पहले की सरकारों पर साधा निशाना
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले बुलंदशहर समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में दंगे होते थे और कर्फ्यू लग जाता था। बेटियां सुरक्षित महसूस नहीं करती थीं और कई परिवारों ने उनकी पढ़ाई तक बंद करा दी थी। व्यापारियों पर डर का माहौल था और हर जिले में माफिया का दबदबा था। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया।
गंगा एक्सप्रेसवे और जेवर एयरपोर्ट से बदलेगी तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे से बुलंदशहर की कनेक्टिविटी नई ऊंचाई पर पहुंचेगी और प्रयागराज तक की यात्रा करीब पांच घंटे में पूरी हो सकेगी। उन्होंने बताया कि जनप्रतिनिधियों की मांग पर गंगा एक्सप्रेसवे को जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ने वाले लिंक एक्सप्रेसवे को मंजूरी मिल चुकी है। किसानों के मुआवजे में बढ़ोतरी की मांग भी सरकार ने स्वीकार कर ली है।
उन्होंने कहा कि लिंक एक्सप्रेसवे बनने के बाद बुलंदशहर और जेवर एयरपोर्ट के बीच की दूरी इतनी कम हो जाएगी कि वह वॉकिंग डिस्टेंस जैसी महसूस होगी। साथ ही बुलंदशहर के लिए रिंग रोड का प्रस्ताव भी मंजूर कर दिया गया है।
औद्योगिक विकास और रोजगार पर जोर
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट सिर्फ एक एयरपोर्ट नहीं बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार देने वाला प्रोजेक्ट है। यहां एमआरओ, कार्गो हब, इंटरनेशनल फिल्म सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क, अपैरल पार्क, टॉय पार्क, आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी, फिनटेक सिटी जैसी बड़ी परियोजनाएं विकसित की जा रही हैं। इसका सबसे अधिक फायदा बुलंदशहर और आसपास के जिलों को मिलेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश में मोबाइल निर्माण में पहले स्थान पर है। देश के 55 प्रतिशत मोबाइल फोन और 60 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट प्रदेश में तैयार किए जा रहे हैं। इसके अलावा गन्ना उत्पादन, चीनी उत्पादन और इथेनॉल उत्पादन में भी प्रदेश अग्रणी है।

यूपी की अर्थव्यवस्था और निवेश का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब देश की टॉप-3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर तैयार होंगे। उन्होंने कहा कि सरकारी भर्तियां अब पूरी पारदर्शिता के साथ हो रही हैं और युवाओं के अधिकारों से कोई समझौता नहीं किया जा रहा। उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना, ओडीओपी और दूसरे रोजगार कार्यक्रमों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार युवाओं को नौकरी के साथ स्वरोजगार के अवसर भी उपलब्ध करा रही है।
किसानों और चीनी मिलों पर भी बोले
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान कई चीनी मिलें बंद हो गई थीं और कुछ को बेहद कम कीमत पर बेच दिया गया। मौजूदा सरकार बंद चीनी मिलों को फिर से शुरू करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और उनके हितों की रक्षा के लिए लगातार फैसले लिए जा रहे हैं। विकास परियोजनाओं के लिए जमीन देने वाले किसानों को बढ़ा हुआ मुआवजा भी दिया जा रहा है।
डबल इंजन सरकार के काम गिनाए
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विरासत और विकास दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना, उज्ज्वला योजना जैसी योजनाओं का लाभ बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि सरकार संवाद, समन्वय और समृद्धि के मॉडल पर काम कर रही है और प्रदेश को विकसित उत्तर प्रदेश बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है।

इन लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ
कार्यक्रम में पूजा शर्मा और राजकुमार वर्मा को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के तहत चेक दिए गए। महेंद्र प्रताप को टूलकिट, कविता शर्मा को राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन का चेक, गीता रानी को थर्मल प्रिंटर, ऋषि पाल को कस्टम हायरिंग सेंटर के लिए अनुदान और चाबी, अजय चौधरी को फार्म मशीनरी बैंक की चाबी, श्याम कुमार को आयुष्मान कार्ड, मीनाक्षी को छात्रवृत्ति प्रमाण पत्र, तनुज शर्मा और डॉली को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत लैपटॉप, पूजा शर्मा को प्रधानमंत्री आवास योजना का स्वीकृति पत्र, पूरन गुप्ता को पीएम स्वनिधि योजना का चेक, हेमलता को मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण की चाबी और कपिल चौधरी को मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना का चेक दिया गया।
ये खास लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में राज्य मंत्री सुरेंद्र दिलेर, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, सांसद महेश शर्मा, सांसद भोला सिंह, विधायक प्रदीप चौधरी, लक्ष्मी राज सिंह, देवेंद्र सिंह लोधी, मीनाक्षी सिंह, संजय शर्मा, सीपी सिंह, विधान परिषद सदस्य नरेंद्र भाटी, श्रीचंद्र शर्मा, क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, जिलाध्यक्ष विकास चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अंतुल तेवतिया समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।






