कारी अबरार: ओवैसी-मदनी भड़काऊ, तौकीर रजा को जेल भेजे सरकार

सहारनपुर,29 नवंबर 2024
जमीयत हिमायतुल इस्लाम के राष्ट्रीय अध्यक्ष कारी अबरार जमाल ने संभल हिंसा पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देश को आगजनी और हिंसा से बचाने के लिए तौकीर रजा जैसे लोगों पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने ओवैसी, तौकीर रजा और मौलाना अरशद मदनी पर नौजवानों को धर्म के नाम पर भड़काने का आरोप लगाया। कारी अबरार ने कहा कि सरकार को इन पर एफआईआर दर्ज कर जेल भेजना चाहिए, जिससे देश में शांति बहाल हो सके। उन्होंने संभल हिंसा को निंदनीय बताते हुए कहा कि यह सिर्फ एक घटना नहीं, बल्कि रामलीला मैदान और गांधी स्टेडियम की घटनाओं का गुस्सा है, जिसे भड़काया गया।
कारी अबरार ने कहा कि पुलिसकर्मियों पर हमला और मस्जिद को लेकर फैलाई गई अफवाहें हिंसा की बड़ी वजह बनीं। उन्होंने जामा मस्जिद के सदर पर झूठी अफवाह फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि मस्जिद के हौज को खाली कराने और नुकसान पहुंचाने की बात से लोगों को भड़काया गया। उन्होंने यह भी कहा कि मस्जिदों के सर्वे पहले भी हुए हैं और उनका स्ट्रक्चर नहीं बदला गया है। अजमेर शरीफ पर याचिका के संदर्भ में उन्होंने कहा कि कोर्ट सुनवाई कर रहा है और अंतिम निर्णय अभी बाकी है। धर्म के नाम पर भड़काने से बचने और इंसाफ की बात करने की अपील की।






