झांसी, 5 जून 2026:
रोड एक्सीडेंट में घायल, बीमार और निराश्रित पशुओं के लिए झांसी से राहत भरी खबर है। प्रदेश सरकार ने ऐसे पशुओं के बेहतर उपचार, संरक्षण और देखभाल के लिए झांसी में आधुनिक पशु चिकित्सालय एवं पशु आश्रय स्थल के निर्माण का मार्ग प्रशस्त कर दिया है। सीएम योगी की अध्यक्षता में हुई गत कैबिनेट बैठक में इस महत्वपूर्ण प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है।
योजना के तहत झांसी की मोठ तहसील के ग्राम बम्हरौली में पशुपालन विभाग की पांच एकड़ भूमि पर अत्याधुनिक पशु चिकित्सालय और आश्रय स्थल का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए पशुपालन विभाग और एक फाउंडेशन के बीच जल्द ही एमओयू (समझौता ज्ञापन) किया जाएगा।
फाउंडेशन पशु चिकित्सालय और आश्रय स्थल का निर्माण करने के साथ इसके संचालन की जिम्मेदारी भी संभालेगी। यहां दुर्घटना में घायल, बीमार और बेसहारा पशुओं के उपचार के साथ-साथ उनके सुरक्षित आश्रय की भी व्यवस्था होगी।
इसके अलावा पशुओं के लिए चारे के उत्पादन समेत अन्य गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी।इससे उनकी समुचित देखभाल सुनिश्चित हो सकेगी। पशुपालन विभाग के झांसी मंडल के अपर निदेशक डॉ. अरविंद सागर के अनुसार कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद अब गैर-सरकारी संस्था के साथ औपचारिक एमओयू की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि यह परियोजना क्षेत्र में पशु कल्याण की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी और निराश्रित, बीमार तथा सड़क हादसों का शिकार होने वाले पशुओं को समय पर संरक्षण और उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
गौरतलब है कि भूमि का स्वामित्व पशुपालन विभाग के पास ही रहेगा और अस्पताल व आश्रय स्थल के निर्माण एवं संचालन का पूरा दायित्व संस्था के पास होगा। इस पहल से झांसी और आसपास के क्षेत्रों में पशु संरक्षण व्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।






