लखनऊ, 17 अगस्त 2026:
अंबेडकरनगर में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा की 91 वर्षीय मां इंद्रावती की घर में हत्या ने यूपी की कानून-व्यवस्था को लेकर सियासी हलचल तेज कर दी है। घटना के बाद बसपा प्रमुख मायावती और सपा मुखिया अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घटना को बेहद दुखद और कानून-व्यवस्था के लिहाज से चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि जब हत्या जैसी जघन्य वारदात एक पुलिस अधिकारी के परिवार के साथ हो सकती है तो आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता स्वाभाविक है। मायावती ने सरकार से मामले का गंभीरता से संज्ञान लेकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

वहीं, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी घटना पर सरकार को घेरा। उन्होंने एक्स पर लिखा कि अंबेडकरनगर में एक आईपीएस अधिकारी की माता जी की हत्या का दुखद समाचार आया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा- ‘उप्र में पुलिस ही सुरक्षित नहीं है, दुर्भाग्यपूर्ण!’
दरअसल, लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय में एसपी पद पर तैनात आशुतोष मिश्रा की मां इंद्रावती अंबेडकरनगर के मालीपुर क्षेत्र स्थित रूढ़ा धमरुआ गांव में अपने पैतृक आवास में रहती थीं। रविवार दोपहर उनकी नौकरानी घर पहुंची तो अंदर इंद्रावती का शव पड़ा मिला। शव देखते ही उसने शोर मचाया और परिजनों को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलते ही अंबेडकरनगर की एसपी प्राची सिंह समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और हत्या की परिस्थितियों की पड़ताल शुरू कर दी। बुजुर्ग महिला की हत्या के बाद इलाके में भी सनसनी फैल गई।
अब इस मामले में पुलिस जांच के साथ ही सियासी सवाल भी तेज हो गए हैं। विपक्ष इस वारदात को प्रदेश की कानून-व्यवस्था से जोड़कर सरकार को घेर रहा है जबकि पुलिस के सामने बड़ी चुनौती हत्या की वजह और इसमें शामिल लोगों तक पहुंचने की है।






