Barabanki City

बारिश बनी आफत, सरयू उफनाई, ग्रामीणों ने बांध पर डेरा डाला, दीवार गिरने से वृद्धा ने दम तोड़ा

घाघरा नदी के जलस्तर ने खतरे का निशान पार किया, तराई के कई गांवों के निचले हिस्सों में पहुंचा पानी, घर छोड़कर बांध व अन्य सुरक्षित जगहों पर पहुंचे परिवार, खेतों में पानी भरने से फसल पर संकट, देवा में कच्ची दीवार गिरने से 65 वर्षीय राजेश्वरी की मौत

बाराबंकी, 17 अगस्त 2026:

यूपी के बाराबंकी जिले में घाघरा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। सूरतगंज ब्लॉक के हेतमापुर इलाके में नदी का पानी कई गांवों के निचले हिस्सों तक पहुंच चुका है। सुंदरनगर, कोड़री, ललपुरवा, बाबापुरवा, बलईपुर, सकतापुर, कोयली पुरवा, मदरहा, बेलाहरी समेत कई गांवों में लोग बाढ़ को लेकर सतर्क हैं।

barabanki-mein-ghaghra-nadi-ka-pani-khatre-ke-nishan-se-upar (2)

सुंदरनगर में घर छोड़कर बांध पर पहुंचे ग्रामीण

ये भी पढ़ें:

बता दें कि सोमवार को एल्गिन ब्रिज पर सरयू का जलस्तर खतरे के निशान 106.07 के पास 106.460 पर दर्ज किया गया। ये खतरे के निशान से 39 सेमी. ऊपर बताया गया। इसी वजह से पानी चादर की तरह फैल रहा है। सूरतगंज ब्लॉक के सुंदरनगर में कई घरों में पानी घुसने के बाद परिवार जरूरी सामान लेकर सुरक्षित जगहों की ओर निकलने लगे हैं। कुछ परिवार बच्चों, बुजुर्गों के साथ मवेशियों को लेकर बांध पर पहुंच गए हैं। यहां ग्रामीणों ने अस्थायी तौर पर डेरा डाल लिया है।

रात में पानी बढ़ने की सबसे ज्यादा चिंता

ग्रामीणों को रात में नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने की चिंता सता रही है। लोगों का कहना है कि अंधेरे में अचानक पानी बढ़ने पर बच्चों, बुजुर्गों समेत मवेशियों को सुरक्षित जगह तक पहुंचाना मुश्किल होगा। इसी वजह से कई परिवार जरूरी सामान पहले ही घरों से निकालकर ऊंचे स्थानों पर पहुंचा रहे हैं।

खेतों में पानी भरने से फसल पर संकट

घाघरा का पानी अब खेतों तक भी पहुंच रहा है। कई जगह फसल वाले खेत जलमग्न हो गए हैं। किसानों को आशंका है कि पानी लंबे समय तक जमा रहा तो फसल खराब हो सकती है। पशुपालकों के सामने मवेशियों के लिए सूखे चारे, पीने के पानी की व्यवस्था की चुनौती भी खड़ी हो गई है।

बांध पर पहुंचे परिवार मवेशियों को लेकर भी चिंतित

ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ की स्थिति में परिवार के साथ मवेशियों को सुरक्षित रखना सबसे बड़ी चुनौती बन जाता है। कई लोग अपने पशुओं को भी बांध पर ले आए हैं। ग्रामीणों ने प्रभावित इलाकों में पशुओं के लिए चारा, पानी समेत सुरक्षित जगह उपलब्ध कराने की मांग की है।

मोहम्मदपुर में कच्ची दीवार गिरी, वृद्धा की मौत

उधर, देवा क्षेत्र के मोहम्मदपुर मजरे मलूकपुर गांव में सोमवार सुबह कच्ची दीवार गिरने से 65 वर्षीय राजेश्वरी की मौत हो गई। हादसे के समय वह घर के पास बने पुराने कच्चे मकान में टंगी धोती उतारने गई थीं। इसी दौरान दीवार अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर गई।

barabanki-mein-ghaghra-nadi-ka-pani-khatre-ke-nishan-se-upar (3)

मलबे से निकालकर अस्पताल ले गए परिजन

दीवार गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर राजेश्वरी को बाहर निकाला। परिजन उन्हें एंबुलेंस से सीएचसी देवा ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। राजेश्वरी के परिवार में तीन बेटियां हैं, जिनमें एक बेटी अविवाहित है।

ये भी पढ़ें  क्लीनिक में युवती से दुष्कर्म, डॉक्टर का नाम लेकर कर्मचारी ने शाम तक रोका, वीडियो भी बनाया

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button