
लखनऊ/आजमगढ़, 18 अगस्त 2026:
देश में नीट पेपर लीक, भर्ती व अन्य परीक्षाओं में गड़बड़ी को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर ‘जेन जी’ (Gen-Z) के विरोध प्रदर्शन की गूंज अब प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों तक जा पहुंची है। शिक्षा व्यवस्था में सुधार और अपनी जायज मांगों को लेकर अब ‘जेन अल्फा’ (Gen-Alpha यानी स्कूली छात्र-छात्राएं) भी लगातार सड़कों पर उतर रहे हैं। राजधानी लखनऊ समेत यूपी के कई जिलों में उठी इन आवाजों के बीच मंगलवार को आजमगढ़ के एक निजी स्कूल में जमकर हंगामा देखने को मिला।
हाथों में तख्तियां लेकर स्कूल गेट पर बैठे
मामला आजमगढ़ जिले के जीयनपुर क्षेत्र स्थित स्मिथ इंटर कॉलेज का है। यहां कई दिनों से छात्र-छात्राएं विद्यालय प्रशासन से केमिस्ट्री (रसायन विज्ञान) के स्थायी शिक्षक की नियुक्ति की मांग कर रहे थे। छात्रों का आरोप है कि पढ़ाई के नाम पर हर महीने भारी-भरकम फीस वसूली जा रही है लेकिन महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक ही गायब हैं। बार-बार शिकायत करने के बावजूद जब प्रबंधन ने ध्यान नहीं दिया तो बच्चों का सब्र जवाब दे गया। वे हाथों में तख्तियां लेकर स्कूल के मुख्य द्वार के बाहर धरने पर बैठ गए।
अचानक छोटे-छोटे बच्चों को सड़क पर नारेबाजी करते देख विद्यालय प्रबंधन के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में बच्चों को समझाने-बुझाने की कोशिश की गई लेकिन छात्र अपनी मांग पर अड़े रहे। हालात बिगड़ते देख स्कूल प्रशासन ने तुरंत जीयनपुर थाना पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस और स्कूल प्रबंधन के बीच करीब आधे घंटे तक चली बातचीत के बाद प्रशासन ने जल्द से जल्द केमिस्ट्री शिक्षक की नियुक्ति करने का ठोस आश्वासन दिया। पुलिस अधिकारियों द्वारा समझाए जाने के बाद आखिरकार छात्र-छात्राओं ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया और वापस कक्षाओं में लौटे।
पुलिस ने ‘X’ हैंडल से साझा की जानकारी
घटना के बाद आजमगढ़ पुलिस ने अपने आधिकारिक ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) हैंडल से जानकारी साझा करते हुए बताया कि स्मिथ इंटर कॉलेज में शिक्षक की मांग को लेकर विद्यार्थियों द्वारा प्रदर्शन किया गया था। पुलिस और प्रबंधन की सूझबूझ से छात्रों को शांत कराकर स्कूल के अंदर प्रवेश करा दिया गया है। फिलहाल विद्यालय में शिक्षण कार्य सामान्य रूप से चल रहा है। सोशल मीडिया पर इस अनूठे प्रदर्शन का वीडियो भी खूब वायरल हो रहा है।







