
हरदोई, 18 अगस्त 2026:
यूपी के हरदोई जिले में लगातार तीन दिन से हो रही बारिश के दौरान कोतवाली देहात व मंझिला क्षेत्र में दो घरों की जर्जर हो चुकीं दीवारें भरभरा कर गिर गईं। इसमें दो लोगों की मौत हो गई जबकि मां बेटी घायल हो गईं। ग्रामीणों में घायलों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया। पुलिस व राजस्व की टीम ने मौके का जायजा लिया।
बाहर निकलने से पहले हो गया हादसा
कोतवाली देहात क्षेत्र के बंदरहिया बंजारनपुरवा में सोमवार देर रात कच्चे मकान की दीवार गिरने से मलबे में दबकर महबूब की मौत हो गई। हादसे में उनकी पत्नी नफीसा व डेढ़ साल की बेटी निशा भी घायल हो गईं। दोनों का इलाज कराया जा रहा है। बताया गया कि सोमवार रात करीब 12 बजे महबूब परिवार के साथ घर में सो रहे थे। आसमान में बादलों की गर्जना होने पर वह बच्चों के साथ बाहर निकलने के लिए उठे। इसी दौरान मकान की कमजोर कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। महबूब समेत परिवार के सदस्य मलबे में दब गए। दीवार गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला।
गंगूपुरवा में युवती ने दम तोड़ा
दूसरा हादसा मझिला क्षेत्र के गंगूपुरवा मजरा चठिया धनवार में हुआ। यहां लगातार बारिश के बीच कच्ची दीवार गिरने से उसके नीचे सो रही संगीता मलबे में दब गई। परिवार के लोगों ने आसपास के ग्रामीणों की मदद से उसे बाहर निकाला, मगर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

छप्पर के नीचे सो रही थी संगीता
परिजनों के मुताबिक रावेंद्र का मकान कच्चा है। सुबह उनकी बेटी संगीता कच्ची दीवार के पास बने छप्पर के नीचे चारपाई पर सो रही थी। बारिश के चलते दीवार ढह गई। हादसे में पास मौजूद परिवार के अन्य लोग बाल-बाल बच गए। दोनों घटनाओं की सूचना मिलने पर पुलिस व राजस्व विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। कहा गया कि पीड़ित परिवारों को नियमानुसार आर्थिक सहायता देने की कार्रवाई की जाएगी।






