
अनिल निषाद
अयोध्या, 21 अगस्त 2026:
रक्षाबंधन पर अयोध्या से इस बार माता शांता के नाम से विशेष रक्षा सूत्र राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए भेजे जाएंगे। श्रृंगी ऋषि सेवा संस्थान की ओर से इन राखियों को डाक के जरिए भेजने की तैयारी की गई है।

सर्किट हाउस में हुआ मंत्रोच्चार से अभिमंत्रित हुईं विशेष राखियां
रक्षाबंधन से पहले सर्किट हाउस में अयोध्या धाम साकेत भवन के महंत सीताराम दास ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच इन विशेष रक्षा सूत्रों को अभिमंत्रित किया। संस्थान के अध्यक्ष सुभाष सिंह ने मीडिया के सामने राखियों के साथ आकर बताया कि 28 अगस्त को राखियां संबंधित लोगों को भेजी जाएंगी। सुभाष सिंह ने ये भी बताया कि माता शांता का उल्लेख महर्षि वाल्मीकि की रामायण के बालकांड में मिलता है। बालकांड के सर्ग 9 से 11 में शांता का प्रसंग आता है। धार्मिक मान्यता के मुताबिक शांता भगवान राम की बड़ी बहन थीं। उनका विवाह श्रृंगी ऋषि से हुआ था। इसी परंपरा को आधार बनाकर माता शांता की ओर से भाइयों को रक्षा सूत्र भेजने की परंपरा निभाई जा रही है।
केले के तने से बनाई गई राखी
इस बार तैयार की गई विशेष राखी केले के तने से बनाई गई है। वैदिक मंत्रोच्चार के बाद इन्हें रक्षा सूत्र के रूप में तैयार किया गया है। इनकी विशेष रूप से पैकिंग की गई है। इसे श्रीराम राखी पर्व नाम दिया गया है और मखाना व मिश्री का प्रसाद भी रखा गया है। देश के शीर्ष नेतृत्व को राखियां भेजने के बाद भगवान राम को भी माता शांता की ओर से रक्षा सूत्र अर्पित किया जाएगा।






