Lucknow City

रसोइयों का मानदेय 2 से 3 हजार, 5 लाख तक कैशलेस इलाज, योगी सरकार ने दी 4 बड़ी सौगातें

रक्षाबंधन से पहले 3.53 लाख रसोइयों को सीएम योगी का तोहफा, 2 लाख का दुर्घटना बीमा और ड्रेस के लिए अब 500 की जगह मिलेंगे 1000 रुपये, लखनऊ में 11 रसोइयों को बांटे कैशलेस चिकित्सा कार्ड

लखनऊ, 23 अगस्त 2026:

यूपी के सरकारी स्कूलों में पीएम पोषण के तहत बच्चों को खाना खिलाने वाली 3.53 लाख रसोइयों के लिए रविवार का दिन बेहद खास बना। रक्षाबंधन से ठीक पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने इन रसोइयों को सम्मान के साथ सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी चार बड़ी सौगातों का ऐलान किया। अब उनका मानदेय 2 हजार से बढ़ाकर 3 हजार रुपये प्रतिमाह किया गया है। इसके साथ ही 2 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा, परिवार के लिए हर साल 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज और ड्रेस के लिए मिलने वाली राशि को दोगुना करते हुए 500 से बढ़ाकर 1,000 रुपये कर दिया गया है।

yogi-government-rasoiya-honorarium-cashless-treatment (2)

प्रदेश की राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मंच से 11 रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए। कार्यक्रम में प्रदेशभर से करीब 1500 रसोइयों ने हिस्सा लिया। वहीं जिला और तहसील स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित कर जनप्रतिनिधियों के माध्यम से रसोइयों को सम्मानित किया गया।

ये भी पढ़ें:

‘बच्चों का पेट भरने वालों के स्वास्थ्य की अब सरकार कर रही चिंता’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अभी तक रसोइयों के लिए सामाजिक सुरक्षा की कोई ठोस व्यवस्था नहीं थी। अब एसबीआई में उनके खाते खुलवाए जाएंगे और उसी खाते में मानदेय भेजा जाएगा। दुर्घटना होने पर उन्हें दो लाख रुपये की सहायता मिलेगी। परिवार में किसी के बीमार होने पर इंपैनल्ड अस्पताल में पांच लाख रुपये तक का इलाज कैशलेस कराया जा सकेगा। योगी ने कहा कि रसोइयां देश के बचपन को स्वस्थ बनाने का काम करती हैं। इसलिए उनके स्वास्थ्य की चिंता भी जरूरी है। उन्होंने बताया कि पहले स्कूलों में लकड़ी पर खाना बनता था लेकिन अब पूरी तरह रसोई गैस से खाना बन रहा है।

yogi-government-rasoiya-honorarium-cashless-treatment (3)

रसोइयों को साफ-सफाई और ‘दुश्मन’ से सावधान रहने की नसीहत

मुख्यमंत्री ने रसोइयों से अपील की कि बच्चों को मेन्यू के अनुसार समय पर स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराएं। इसके साथ ही उन्होंने रसोई में बाहरी लोगों के प्रवेश को लेकर सावधान किया। कहा कि कोई विश्वासघात कर सकता है। ऐसे में खाना पकाते समय विशेष सतर्कता बरतें और यह सुनिश्चित करें कि भोजन में किसी तरह की गंदगी या छिपकली आदि न गिरने पाए।

स्कूलों की स्थिति को लेकर विपक्ष पर साधा निशाना

योगी ने स्कूलों की स्थिति को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले गरीब बच्चों के पास जूते तक नहीं थे जबकि अब दो ड्रेस, जूते-मोजे और स्वेटर की व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के स्कूल अब ‘नकल से मुक्त, अकल से युक्त’ हो रहे हैं।

ब्रजेश पाठक ने अवधी में साधा संवाद, 2027 का भी जिक्र

कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने रसोइयों से अवधी अंदाज में संवाद किया। उन्होंने कहा… ‘जिज्जी, बहिनी और बिटिया’ अब सरकार उनकी सुधि ले रही है। उन्होंने मानदेय बढ़ने और पांच लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा का जिक्र किया। साथ ही 2027 के विधानसभा चुनाव का संकेत देते हुए उन्होंने रसोइयों से कहा कि जैसे सब्जी खरीदते समय चीजों को परखती हैं, वैसे ही 2027 में सबको ‘ठोंक-बजाकर’ देख लें।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अटल आवासीय विद्यालय, कस्तूरबा गांधी विद्यालय, बाल वाटिका और आईटीसी लैब जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार उन वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही जिनके बारे में पहले किसी ने नहीं सोचा। अब रसोइयों के लिए भी सम्मान के साथ स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा की नई व्यवस्था शुरू की गई है।

ये भी पढ़ें  विधानभवन के बाहर आत्मदाह की कोशिश, जमीन विवाद से परेशान दो युवकों को पुलिस ने बचाया

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button