Uttarakhand

संत समागम में पहुंचे शिवराज चौहान, ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ पर संवाद, बोले- बार-बार Election विकास में बाधा

हरिद्वार के प्राचीन अवधूत मंडल आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री की संतों से अपील, कहा- जनजागरण अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएं, सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी किया समर्थन

राजकिशोर तिवारी

हरिद्वार, 23 अगस्त 2026ः

उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित प्राचीन अवधूत मंडल आश्रम में आयोजित संत समागम में रविवार को केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान पहुंचे। कार्यक्रम में ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ को लेकर व्यापक संवाद हुआ। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश में बार-बार होने वाले चुनावों से विकास कार्यों की गति प्रभावित होती है और प्रशासनिक मशीनरी लंबे समय तक चुनावी तैयारियों में व्यस्त रहती है। उन्होंने संत समाज से इस विचार को लेकर जनजागरण अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ के विचार के प्रति समर्थन व्यक्त किया।

‘यह संकल्प देश के व्यापक हित से जुड़ा विषय’

ये भी पढ़ें:

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ का जो संकल्प लिया है, वह किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि देश के व्यापक हित से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि चुनावों के दौरान स्कूलों के शिक्षक और अन्य सरकारी कर्मचारी भी विभिन्न जिम्मेदारियों में लगाए जाते हैं, जिससे सामान्य प्रशासनिक और विकास संबंधी कार्य प्रभावित होते हैं। यदि लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ आयोजित किए जाएं तो समय, संसाधनों और प्रशासनिक ऊर्जा की बचत हो सकती है और सरकारों का ध्यान लगातार विकास कार्यों पर केंद्रित रह सकता है।

shivraj-singh-chouhan-one-nation-one-election-haridwar (2)

‘संतों की बात का समाज में व्यापक प्रभाव’

शिवराज सिंह चौहान ने संत समाज की सामाजिक पहुंच का उल्लेख करते हुए कहा कि संतों की बात का समाज में व्यापक प्रभाव होता है। उन्होंने संतों से अपने प्रवचनों व सामाजिक संवाद के माध्यम से ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ के पक्ष में जनजागरण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह विषय केवल किसी एक राजनीतिक दल से जुड़ा नहीं है, बल्कि ‘देश पहले है, पार्टी बाद में। देश आगे बढ़ेगा तो राजनीतिक दल भी मजबूत होंगे।’ उन्होंने कहा कि संवैधानिक बदलाव के लिए व्यापक जनसमर्थन और सकारात्मक संवाद जरूरी है। सीएम धामी ने भी ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ के विचार के प्रति समर्थन व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड सरकार इस दिशा में सकारात्मक भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में होने वाले बार-बार के व्यवधान को कम करने व विकास कार्यों को गति देने की दृष्टि से इस विषय पर व्यापक विमर्श आवश्यक है।

‘वंदे मातरम्’ को राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बताया

केंद्रीय मंत्री ने अपने संबोधन में ‘वंदे मातरम्’ के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने इसे देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बताते हुए कहा कि मातृभूमि के प्रति सम्मान की भावना को किसी राजनीतिक या सामुदायिक विवाद का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए। शिवराज सिंह चौहान ने संत समाज से ‘वंदे मातरम्’ के पूर्ण स्वरूप को लेकर भी जनजागरण करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभाव को मजबूत करने में ऐसे प्रतीकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि भारत को आगे बढ़ाने के लिए समाज को विकास, एकता और राष्ट्रहित के मुद्दों पर एकजुट होकर आगे आना होगा। संत समाज से मिले समर्थन को उन्होंने ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण बताया।

ये भी पढ़ें  दिव्यांगों व बेसहारा महिलाओं के लिए प्रशासन की पहल... देहरादून में शुरू हुई मुफ्त ईवी वाहन सेवा

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button