
हरदोई, 24 अगस्त 2026:
यूपी के हरदोई में साइबर फ्रॉड का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें मोबाइल पर आए ऐप अपडेट के ऑप्शन के बाद फल विक्रेता के खाते से 1.33 लाख रुपये निकल गए। मेहनत की कमाई गंवाने वाले फल विक्रेता ने रकम वापसी के लिए पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। मामले से जुड़े डिजिटल एविडेंस लेकर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
अपडेट का ऑप्शन मोबाइल से नहीं हटा
शहर क्षेत्र के सरायथोक में रहने वाला प्रबल कुमार कश्यप और उसका पिता राजेन्द्र कश्यप फल का ठेला लगाकर परिवार की जीविका चलाते हैं। प्रबल के मुताबिक, उसके मोबाइल पर Paytm ऐप से जुड़ा अपडेट का नोटिफिकेशन आया था। उसने अपडेट करने की कोशिश की, लेकिन प्रक्रिया पूरी नहीं हुई। इसके बाद ऑप्शन हटाने का प्रयास भी किया, मगर वह स्क्रीन से नहीं हटा।
पेमेंट करते वक्त खुला मामला
प्रबल का कहना है कि वह Google Pay से किसी दूसरे व्यक्ति को पेमेंट करने की कोशिश कर रहा था। पेमेंट नहीं हुआ तो उसने अपने बैंक खातों की जानकारी देखी। इसी दौरान पता चला कि उसके खाते से 44 हजार रुपये निकल चुके हैं। इसके बाद पिता के खाते की जांच करने पर वहां से भी 89 हजार रुपये की रकम ट्रांसफर होने की जानकारी मिली।
दो खातों से एक ही दिन निकली रकम
प्रबल के Axis Bank खाते से 44 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए। वहीं उसके पिता के Punjab National Bank खाते से 89 हजार रुपये निकाले गए। दोनों ट्रांजेक्शन 17 अगस्त को सुबह करीब 10:31 बजे हुए। इस तरह दोनों खातों से कुल 1,33,000 रुपये निकाल लिए गए।
फल का ठेला लगाकर जमा की थी रकम
फ्रॉड का पता चलते ही प्रबल ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद अब पीड़ित ने कोतवाली शहर पुलिस को तहरीर देकर रकम वापस कराने की मांग की है। प्रबल ने पुलिस को बताया कि वह अपने पिता के साथ फल का ठेला लगाकर परिवार का खर्च चलाता है। दोनों ने मेहनत से रकम जमा की थी। साइबर फ्रॉड में पूरी रकम निकल जाने के बाद परिवार परेशान है। पीड़ित ने पुलिस से मामले में केस दर्ज कर साइबर फ्रॉड के जरिए निकाली गई 1.33 लाख रुपये की रकम वापस कराने की मांग की है।






