
लखनऊ, 24 अगस्त 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में सरकारी नौकरी की एक भर्ती प्रक्रिया के लंबे इंतजार ने अभ्यर्थियों का सब्र तोड़ दिया। गोमतीनगर के पिकअप भवन में स्थित उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) कार्यालय के बाहर सोमवार को जूनियर असिस्टेंट भर्ती के अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन कर जल्द अंतिम परिणाम जारी करने और नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने की मांग की। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे अभ्यर्थियों ने बैनर-पोस्टर और पर्चों के जरिए आयोग का ध्यान अपनी परेशानी की ओर खींचा।
जूनियर असिस्टेंट के पद पर होनी है भर्ती
अभ्यर्थियों का कहना है कि 5512 पदों पर जूनियर असिस्टेंट भर्ती प्रक्रिया करीब चार साल से खिंचती चली आ रही है। भर्ती के विभिन्न चरण पूरे होने के बावजूद फाइनल रिजल्ट जारी नहीं होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी है। प्रदर्शन के दौरान उनके हाथों में ऐसे पोस्टर भी थे जिनमें PET, भर्ती विज्ञापन, शॉर्टलिस्टिंग, लिखित परीक्षा, टाइपिंग टेस्ट और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन तक की पूरी प्रक्रिया का क्रम दर्ज था।
अभ्यर्थियों के मुताबिक आयोग ने 7 अक्टूबर 2025 को टाइपिंग की कटऑफ और 8 अक्टूबर को टाइपिंग परीक्षा की तारीख जारी की थी। इसके बाद टाइपिंग परीक्षा 23 नवंबर से 17 दिसंबर 2025 तक आयोजित हुई। पोस्टरों में अभ्यर्थियों ने दावा किया कि इसके बाद 25-26 फरवरी 2026 को परिणाम जारी किया गया। वहीं, 8 मई से 8 जुलाई 2026 तक डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है।
अभ्यर्थी बोले- अंतिम परिणाम में देरी समझ से परे
अभ्यर्थियों का कहना है कि जब भर्ती से जुड़े प्रमुख चरण पूरे हो चुके हैं तो अब अंतिम परिणाम में देरी समझ से परे है। लंबे समय से नौकरी का इंतजार कर रहे कई अभ्यर्थियों ने कहा कि बेरोजगारी के कारण उनकी आर्थिक स्थिति लगातार खराब हो रही है। दूसरे जिलों से लखनऊ पहुंचे अभ्यर्थियों ने आयोग से भर्ती प्रक्रिया को और लंबा नहीं खींचने की अपील की।

प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों की मुख्य मांग यही थी कि फाइनल रिजल्ट जल्द घोषित कर चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति का रास्ता साफ किया जाए। अब निगाहें आयोग की ओर हैं कि चार साल से चल रही इस भर्ती प्रक्रिया को अंतिम मंजिल कब मिलती है।






