लखनऊ एयरपोर्ट पर अब झटपट होगा इमिग्रेशन, शुरू हुई एफटीआई-टीटीपी सुविधा

लखनऊ, 12 सितंबर 2025:
यूपी की राजधानी लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर अब अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को इमिग्रेशन प्रक्रिया के लिए लंबी कतारों में इंतजार करने से राहत मिलेगी। यहां फास्ट ट्रैक इमिग्रेशन–ट्रस्टेड ट्रैवलर प्रोग्राम (FTI-TTP) की शुरुआत हो गई है। इस सुविधा के तहत बायोमेट्रिक स्कैनिंग से मात्र 30 सेकंड में इमिग्रेशन मंजूरी मिल जाएगी।
लखनऊ समेत तिरुवनंतपुरम, तिरुचिरापल्ली, कोझिकोड और अमृतसर एयरपोर्ट पर इस सुविधा का केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को वर्चुअल शुभारंभ किया। कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्व-सत्यापित भारतीय नागरिकों और प्रवासी भारतीय (OCI) कार्डधारकों को तेज और बिना बाधा वाली आव्रजन (इमिग्रेशन) प्रक्रिया उपलब्ध कराना है।
यात्री ऑनलाइन पोर्टल ftittp.mha.gov.in पर पंजीकरण कर दस्तावेज अपलोड करेंगे। सत्यापन के बाद उन्हें ‘ई-गेट’ सुविधा के लिए सूचीबद्ध किया जाएगा। पंजीकृत यात्री हवाईअड्डे पर बायोमेट्रिक डाटा उपलब्ध कराकर आसानी से इमिग्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
एफटीआई-टीटीपी की सुविधा अब देश के 13 अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डों पर उपलब्ध हो चुकी है। इसे सबसे पहले जुलाई 2024 में दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुरू किया गया था। इसके बाद मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु, हैदराबाद, अहमदाबाद और कोचीन में लागू किया गया।






