
राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 24 अगस्त 2026ः
उत्तराखंड के हल्द्वानी में आठ अगस्त को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद मंच का शुद्धिकरण किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया था। इसको लेकर कांग्रेसियों में आक्रोश भड़क गया और धामी सरकार पर जमकर निशाना साधा। अब ‘शुद्धिकरण यज्ञ’ मामले को लेकर कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को नेताओं ने विधायक एवं चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
‘ऐसी घटनाएं सामाजिक सौहार्द को करती हैं प्रभावित’
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि यदि किसी व्यक्ति की जाति के आधार पर सार्वजनिक स्थल को ‘अशुद्ध’ बताकर उसका कथित शुद्धिकरण किया गया है तो यह संविधान की समानता, सामाजिक न्याय और मानव गरिमा के मूल्यों के विपरीत है। इस तरह की घटनाएं सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने के साथ जातिगत भेदभाव की मानसिकता को बढ़ावा देती हैं। कहा कि इस प्रकरण को लेकर राज्यसभा में जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बावजूद अब तक दोषियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई सामने नहीं आई है।
‘कार्रवाई में देरी से लोगों में जा रहा गलत संदेश’
पार्टी ने सरकार की कथित चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि संवेदनशील सामाजिक मुद्दे पर कार्रवाई में देरी से लोगों में गलत संदेश जा रहा है। विधायक व पूर्व मंत्री प्रीतम सिंह ने राज्यपाल से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और तथ्यात्मक जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर दोषियों की पहचान कर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही भविष्य में जातिगत भेदभाव और सामाजिक वैमनस्य फैलाने वाले ऐसे कृत्यों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। प्रीतम सिंह ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है। यहां छुआछूत और जातिगत भेदभाव जैसी मानसिकता के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए।
‘संविधान हर नागरिक को देता है समानता का अधिकार’
उन्होंने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता और सम्मान का अधिकार देता है और इन मूल्यों की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। कांग्रेस पार्टी सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों के मुद्दे पर पीछे नहीं हटेगी और ऐसे मामलों में पीड़ित पक्ष के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। ज्ञापन देने वालों में डॉ. हरक सिंह रावत, जोत सिंह गुनसोला, शूरवीर सिंह सजवान, नवप्रभात, मदन बिष्ट, विक्रम सिंह नेगी, मनोज रावत, राजकुमार, ज्योति रौतेला, गोदावरी थापली, मुख्य प्रवक्ता गरिमा माहरा दशौनी, मदनलाल, कर्नल राम रतन नेगी, आरेंद्र शर्मा, सूर्यकांत धस्माना और लालचंद शर्मा सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता व पदाधिकारी मौजूद रहे।






