Lucknow City

‘अखिलेश बाबू, राजभर समाज से मत उलझिए’, मऊ कांड पर ओपी राजभर की सीधी चेतावनी

बोले- आंख में आंख डालकर सवाल पूछता रहूंगा, मऊ के पतापुर में महिलाओं के साथ कथित अभद्रता और मारपीट को लेकर सपा प्रमुख पर बरसे सुभासपा अध्यक्ष, बोले- राजनीतिक लड़ाई लड़िए, महिलाओं से नहीं, एक दिन पहले हिजाब के मुद्दे पर भी अखिलेश से मांगा था जवाब

लखनऊ, 26 अगस्त 2026:

यूपी की योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। मऊ के रामपुर क्षेत्र के पतापुर में राजभर समाज की महिलाओं से जुड़े कथित विवाद को लेकर राजभर ने अखिलेश यादव को सीधे निशाने पर लिया और कहा कि राजनीतिक लड़ाई उनसे है तो उनसे ही लड़ें लेकिन राजभर समाज की महिलाओं से ‘गुंडई’ करना ठीक नहीं है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बुधवार को पोस्ट करते हुए ओमप्रकाश राजभर ने लिखा कि अखिलेश यादव को उनसे दिक्कत हो सकती है लेकिन राजभर समाज से क्या परेशानी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पतापुर में राजभर समाज की महिलाएं शांति से पूजा-पाठ कर जल चढ़ाने जा रही थीं,् तभी कथित तौर पर कुछ लोगों ने उनके साथ अभद्रता की और महिलाओं पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। राजभर के मुताबिक विरोध करने पर राजभर समाज के युवकों के साथ मारपीट भी की गई।

मंत्री ने इस घटना को लेकर अखिलेश यादव से अपने समर्थकों को समझाने की अपील की। उन्होंने कहा कि राजभर समाज न तो डरता है और न दबता है। वह राजनीतिक तौर पर सवाल पूछता रहेगा और विरोधियों की ‘कलई खोलता’ रहेगा लेकिन लड़ाई संविधान और लोकतांत्रिक तरीके से होनी चाहिए।

ये भी पढ़ें:

ओमप्रकाश राजभर ने अपने बयान में महाराजा सुहेलदेव का जिक्र करते हुए कहा कि उनका समाज अपने गौरवशाली इतिहास का वंशज है। उन्होंने सपा नेतृत्व को चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि महिलाओं से लड़ना शोभा नहीं देता और राजनीतिक संघर्ष को राजनीतिक ही रखा जाना चाहिए।

राजभर और अखिलेश यादव के बीच सियासी जुबानी जंग का यह सिलसिला यहीं नहीं थमा। इससे एक दिन पहले मंगलवार को भी राजभर ने हिजाब विवाद को लेकर अखिलेश यादव से सवाल किया था। उन्होंने हाईकोर्ट के स्कूलों में हिजाब को लेकर दिए आदेश का हवाला देते हुए पूछा था कि क्या अखिलेश यादव इस आदेश के खिलाफ खड़े होंगे। राजभर ने अखिलेश से अपना रुख स्पष्ट करने की मांग करते हुए कहा था कि वह जानना चाहते हैं कि हिजाब को लेकर सपा प्रमुख की क्या सोच है।

लगातार बयानों से साफ है कि ओमप्रकाश राजभर ने सपा और अखिलेश यादव के खिलाफ अपने हमले और अधिक धारदार कर दिए हैं। एक ओर जहां वह राजभर समाज से जुड़े मुद्दों को लेकर मुखर हैं वहीं दूसरी ओर धार्मिक और सामाजिक मुद्दों पर भी सपा नेतृत्व से सीधे जवाब मांग रहे हैं।

ये भी पढ़ें  BJP अध्यक्ष का लखनऊ दौरा : संगठन को चुनावी मंत्र, राम मंदिर मुद्दे पर विपक्ष के खिलाफ आक्रामक दिखे नितिन नबीन

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button