
लखनऊ, 26 अगस्त 2026:
यूपी की योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। मऊ के रामपुर क्षेत्र के पतापुर में राजभर समाज की महिलाओं से जुड़े कथित विवाद को लेकर राजभर ने अखिलेश यादव को सीधे निशाने पर लिया और कहा कि राजनीतिक लड़ाई उनसे है तो उनसे ही लड़ें लेकिन राजभर समाज की महिलाओं से ‘गुंडई’ करना ठीक नहीं है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बुधवार को पोस्ट करते हुए ओमप्रकाश राजभर ने लिखा कि अखिलेश यादव को उनसे दिक्कत हो सकती है लेकिन राजभर समाज से क्या परेशानी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पतापुर में राजभर समाज की महिलाएं शांति से पूजा-पाठ कर जल चढ़ाने जा रही थीं,् तभी कथित तौर पर कुछ लोगों ने उनके साथ अभद्रता की और महिलाओं पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। राजभर के मुताबिक विरोध करने पर राजभर समाज के युवकों के साथ मारपीट भी की गई।
मंत्री ने इस घटना को लेकर अखिलेश यादव से अपने समर्थकों को समझाने की अपील की। उन्होंने कहा कि राजभर समाज न तो डरता है और न दबता है। वह राजनीतिक तौर पर सवाल पूछता रहेगा और विरोधियों की ‘कलई खोलता’ रहेगा लेकिन लड़ाई संविधान और लोकतांत्रिक तरीके से होनी चाहिए।
ओमप्रकाश राजभर ने अपने बयान में महाराजा सुहेलदेव का जिक्र करते हुए कहा कि उनका समाज अपने गौरवशाली इतिहास का वंशज है। उन्होंने सपा नेतृत्व को चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि महिलाओं से लड़ना शोभा नहीं देता और राजनीतिक संघर्ष को राजनीतिक ही रखा जाना चाहिए।
अखिलेश जी, माना कि आपको ओम प्रकाश राजभर से दिक्कत है लेकिन राजभर समाज से आपको क्या दिक्कत है भाई!
लड़ना है तो मुझसे राजनैतिक लड़ाई लड़िए लेकिन क्या राजभर समाज की महिलाओं पर हमला करवा के आप हमसे लड़ेंगे?
मऊ के रामपुर थाना क्षेत्र के पतापुर में जो हुआ वो ठीक नहीं था। राजभर समाज…
— Om Prakash Rajbhar (@oprajbhar) August 26, 2026
राजभर और अखिलेश यादव के बीच सियासी जुबानी जंग का यह सिलसिला यहीं नहीं थमा। इससे एक दिन पहले मंगलवार को भी राजभर ने हिजाब विवाद को लेकर अखिलेश यादव से सवाल किया था। उन्होंने हाईकोर्ट के स्कूलों में हिजाब को लेकर दिए आदेश का हवाला देते हुए पूछा था कि क्या अखिलेश यादव इस आदेश के खिलाफ खड़े होंगे। राजभर ने अखिलेश से अपना रुख स्पष्ट करने की मांग करते हुए कहा था कि वह जानना चाहते हैं कि हिजाब को लेकर सपा प्रमुख की क्या सोच है।
लगातार बयानों से साफ है कि ओमप्रकाश राजभर ने सपा और अखिलेश यादव के खिलाफ अपने हमले और अधिक धारदार कर दिए हैं। एक ओर जहां वह राजभर समाज से जुड़े मुद्दों को लेकर मुखर हैं वहीं दूसरी ओर धार्मिक और सामाजिक मुद्दों पर भी सपा नेतृत्व से सीधे जवाब मांग रहे हैं।






