Lucknow City

पं. गोविंद बल्लभ पंत की पुण्यतिथि पर CM योगी ने दी श्रद्धांजलि, बोले- उनके विजन से ही आगे बढ़ रहा UP

लोकभवन स्थित प्रतिमा पर अर्पित किए पुष्प, कहा कि राष्ट्रपिता के आह्वान पर वकालत छोड़कर स्वाधीनता संग्राम में कूद पड़े पंत जी, मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने रखी थी विकास की आधारशिला

लखनऊ, 7 मार्च 2026:

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को देश के पूर्व गृह मंत्री एवं प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री गोविंद बल्लभ पंत की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने लोकभवन स्थित पंत जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भारत मां का महान सपूत, प्रख्यात स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, कुशल अधिवक्ता और दूरदर्शी प्रशासक बताया।

सीएम ने कहा कि पं. गोविंद बल्लभ पंत के विचार और कार्य आज भी देश और प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि यूपी के मुख्यमंत्री के रूप में पंत जी ने विकास और सुशासन की जो मजबूत आधारशिला रखी उसी के मार्गदर्शन में आज प्रदेश आगे बढ़ रहा है। भारत की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंत जी का जन्म वर्तमान उत्तराखंड में हुआ था जो उस समय संयुक्त प्रांत का हिस्सा था। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आह्वान पर उन्होंने अपनी सफल वकालत छोड़कर स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय भूमिका निभाई। देश की आजादी के संघर्ष में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा।

ये भी पढ़ें:

उन्होंने बताया कि वर्ष 1937 में जब देश अंग्रेजी शासन के अधीन था तब गोविंद बल्लभ पंत को संयुक्त प्रांत का प्रीमियर चुना गया। स्वतंत्रता के बाद प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने प्रशासनिक सुधारों और विकास की नई दिशा तय की। बाद में देश के गृह मंत्री के रूप में भी उन्होंने राष्ट्र को अमूल्य सेवाएं प्रदान कीं।

सीएम योगी ने कहा कि राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार में भी पंत जी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। देश की स्वतंत्रता में उनके अमूल्य योगदान और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए वर्ष 1957 में उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक जय देवी, अमरेश कुमार ,एमएलसी मुकेश शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें  यूपी पुलिस में नौकरी का सुनहरा मौका, 22 हजार से ज्यादा पदों पर जल्द शुरू होगी भर्ती प्रक्रिया

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link