
लखनऊ, 29 सितंबर 2026:
यूपी विधान परिषद (MLC) की स्नातक व शिक्षक सीटों और राज्यसभा की सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही कैसरबाग इलाके में ट्रैफिक व्यवस्था बदल गई है। मंडलायुक्त कार्यालय के आसपास आज से लागू किया गया ट्रैफिक डायवर्जन नामांकन प्रक्रिया समाप्त होने तक प्रभावी रहेगा। ऐसे में कैसरबाग, सीडीआरआई, डालीगंज, स्वास्थ्य भवन और आसपास के रास्तों से गुजरने वाले वाहन चालकों को रूट बदलकर चलना होगा।
नामांकन पत्र 6 अक्तूबर तक दाखिल किए जा सकेंगे। 7 अक्तूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 9 अक्तूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसी अवधि में यातायात पुलिस ने सामान्य वाहनों के लिए कई मार्गों पर प्रतिबंध लगाते हुए वैकल्पिक रास्ते तय किए हैं।
कहां से कहां तक रास्ता बंद रहेगा?
क्लार्क अवध होटल तिराहा से सीडीआरआई तिराहा, कमिश्नर कार्यालय मोड़ और डालीगंज पुल चौराहा की ओर सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वाहन चिरैयाझील तिराहा अथवा सुभाष चौराहा होकर जा सकेंगे।
स्वास्थ्य भवन तिराहा से सीडीआरआई तिराहा होते हुए कमिश्नर कार्यालय मोड़ और डालीगंज पुल चौराहा की ओर जाने वाले वाहन सीडीआरआई तिराहा से क्लार्क अवध तिराहा, सुभाष चौराहा या चिरैयाझील तिराहा होकर निकलेंगे।
सुभाष चौराहा से क्लार्क अवध तिराहा, सीडीआरआई तिराहा, कमिश्नर कार्यालय मोड़ और डालीगंज पुल चौराहा की ओर जाने वाला यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वाहन हनुमान सेतु मंदिर चौराहा अथवा कैसरबाग होकर गंतव्य तक जा सकेंगे।
चकबस्त चौराहा से स्वास्थ्य भवन चौराहा और सीडीआरआई तिराहा की ओर जाने वाले वाहनों को सीएमओ कार्यालय अथवा सफेद बारादरी होकर जाना होगा। वहीं डालीगंज चौराहा से सुभाष चौराहा की ओर जाने वाला यातायात डालीगंज इक्का-तांगा स्टैंड चौराहा अथवा ग्रीन कॉरिडोर होकर जा सकेगा।
🚦#TrafficAdvisory । यातायात डायवर्जन
📍 लखनऊ
दिनांक 29.09.2026 को मंडलायुक्त कार्यालय, लखनऊ में एमएलसी चुनाव हेतु नामांकन प्रक्रिया प्रस्तावित है। नामांकन के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु, सुरक्षित एवं निर्बाध बनाए रखने हेतु प्रातः 08:00 बजे से नामांकन प्रक्रिया समाप्ति तक… pic.twitter.com/mYA6YKryYI— LUCKNOW TRAFFIC POLICE (@lucknowtraffic) September 28, 2026
शहीद स्मारक और रेजीडेंसी तिराहा से कमिश्नर कार्यालय मोड़, सीडीआरआई तिराहा, क्लार्क अवध तिराहा और सुभाष चौराहा की ओर भी सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वाहन सीएमओ कार्यालय होते हुए आगे जा सकेंगे।
इमरजेंसी वाहन नहीं रुकेंगे
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार विशेष परिस्थितियों में स्कूली वाहन, एंबुलेंस, शव वाहन और फायर ब्रिगेड को निकलवाया जाएगा। किसी जरूरी सहायता के लिए ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है।






