ElectionsLucknow CityUttar Pradesh

UP Politics: ‘चच्चू’ की एंट्री पर अखिलेश को घेरा, राजभर का बड़ा सियासी वार- हरी झंडी देंगे तभी मिलेगा सपा दफ्तर में प्रवेश!

सपा नेता शिवपाल यादव और धर्मेंद्र यादव को लेकर सुभासपा मुखिया ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना, बोले- परिवारवालों का ये हाल है तो बाकी नेताओं की स्थिति क्या होगी?

लखनऊ, 29 सितंबर 2026:

यूपी विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election) 2027 नजदीक आने के साथ सियासी बयानबाजी भी तेज होती जा रही है। योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रमुख ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। इस बार उनके निशाने पर सपा के भीतर परिवार की भूमिका और पार्टी कार्यालय में नेताओं की कथित एंट्री का मुद्दा है।

मंत्री राजभर ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए लिखा कि चर्चा है कि सपा कार्यालय में ‘चच्चू’ शिवपाल यादव और ‘भाई’ धर्मेंद्र यादव को प्रवेश के लिए अखिलेश की अनुमति की जरूरत पड़ती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश की ‘हरी झंडी’ मिलने पर ही एंट्री होगी, वरना ‘बेआबरू होकर वापसी’ करनी पड़ेगी।

सुभासपा मुखिया ने शिवपाल यादव के राजनीतिक योगदान का जिक्र करते हुए कहा कि जिस नेता ने मुलायम सिंह यादव के साथ गांव-गांव घूमकर समाजवादी पार्टी को खड़ा करने और संगठन बनाने में जीवन लगाया, आज उन्हें ही पार्टी कार्यालय जाने के लिए भतीजे की अनुमति का इंतजार करना पड़ रहा है। उन्होंने धर्मेंद्र यादव को लेकर भी इसी तरह का दावा किया।

ये भी पढ़ें:

ओमप्रकाश राजभर ने आगे सवाल उठाया कि अगर परिवार के नेताओं की ऐसी स्थिति है तो बाकी नेताओं की स्थिति क्या होगी। उन्होंने कहा कि शिवपाल यादव से राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं लेकिन पार्टी को खड़ा करने में उनका योगदान रहा है। इसी के साथ उन्होंने इसे ‘मान-सम्मान और स्वाभिमान’ से जोड़ते हुए कहा कि ऊपरवाला सब देख रहा है।

गौरतलब है कि राजभर पिछले कुछ समय से अखिलेश यादव और सपा पर लगातार हमलावर हैं। हाल में उन्होंने अखिलेश की PDA रथयात्रा और सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर भी टिप्पणियां की हैं। अखिलेश ने 24 सितंबर को रायबरेली से PDA रथयात्रा शुरू की और गठबंधन में सीटों के बंटवारे को जीत की क्षमता से जोड़ने की बात कही थी।

ये भी पढ़ें  Up News: अगर भाजपा को नहीं रोका तो ये आखिरी चुनाव होगा... अखिलेश का बड़ा हमला, 2027 से पहले चुनाव आयोग पर उठाए सवाल

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link