समाधान दिवस पर खुलकर बोले लखनऊवासी, मेयर सुषमा खर्कवाल ने सुनीं जनता की ये समस्याएं
लखनऊ में नगर निगम के समाधान शिविर में मेयर सुषमा खर्कवाल ने सीधे जनता की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। जनता ने जुर्माने, वाटर टैक्स और अन्य शिकायतें खुलकर रखीं
लखनऊ, 2 जनवरी 2026:
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के लालबाग स्थित नगर निगम मुख्यालय में आयोजित समाधान दिवस के मौके पर आज बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। इस समाधान शिविर में मेयर सुषमा खर्कवाल ने खुद नागरिकों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को जल्द समाधान के निर्देश दिए। इस मौके पर लोगों को सीधे अपनी बात रखने का अवसर मिला, जिससे प्रशासन और जनता के बीच संवाद मजबूत होता दिखा।
समाधान शिविर में जानकीपुरम द्वितीय से पहुंचे दिनेश चंद्र तिवारी ने बताया कि उनका गेस्ट हाउस है, जिस पर अवैध तरीके से 41 लाख रुपये का जुर्माना लगा दिया गया है। उन्होंने कहा कि वह अब तक करीब 20 बार समाधान शिविर में आ चुके हैं, लेकिन अभी तक उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। वहीं कल्याणपुर निवासी अजीत कुमार यादव ने जल संस्थान से जुड़ी समस्या रखी। उन्होंने बताया कि उनके घर पर डबल आईडी जारी कर दी गई है, जिससे मां किरण और पिता रामधन के नाम पर दो-दो वाटर टैक्स आ रहे हैं, जबकि पिता का निधन हो चुका है। इसके बावजूद पिता के नाम से 23,751 रुपये का पानी का बिल भेज दिया गया।

समाधान शिविर के दौरान नगर आयुक्त गौरव कुमार, पार्षदगण, अपर नगर आयुक्त, जोनल अधिकारी और नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जांच और समाधान का भरोसा दिलाया।
मेयर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि नगर निगम का लगातार प्रयास है कि शहरवासियों की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और संतोषजनक समाधान किया जाए। समाधान शिविर का मकसद यही है कि लोगों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें और उनकी शिकायतों का निस्तारण सीधे मौके पर हो सके।







