Lucknow CityUttar Pradesh

संजय निषाद का फिर धरना, एसपी का बुके देखकर भड़के, अखिलेश बोले… BJP में निषाद को मिलेगा ‘विषाद’

गोंडा में विनोद साहनी की हत्या के मामले में नहीं थम रहा हंगामा, गोंडा में भारी फोर्स देखकर कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने एसपी से पूछा इतनी पुलिस क्यों लगाई, कलेक्ट्रेट तक कार्यकर्ताओं के साथ पैदल पहुंचे, अखिलेश यादव ने मृतक के बेटे से फोन पर की बात, बेटे का लेटर एक्स पर शेयर कर सरकार को घेरा

लखनऊ/गोंडा, 11 सितंबर 2026:

उत्तर प्रदेश के गोंडा में कारोबारी विनोद साहनी की हत्या के बाद शुक्रवार को मामला और गरमा गया। मृतक के परिजन शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी बीच निषाद पार्टी अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री संजय निषाद भारी पुलिस फोर्स देखकर एसपी अभिषेक झा पर भड़क गए। एसपी बुके लेकर उनका स्वागत करने पहुंचे थे। मंत्री ने पुलिस की तैनाती पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतनी फोर्स आरोपियों के घर पर लगाई जानी चाहिए, ताकि वहां किसी तरह की आगजनी न हो।

एसपी से बोले संजय निषाद

संजय निषाद ने एसपी से कहा कि इतनी फोर्स क्यों लगाई गई है। उन्होंने पुलिस की भारी मौजूदगी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि सरकार की छवि खराब नहीं होनी चाहिए। मंत्री का कहना था कि प्रदर्शन वाली जगह पर इतनी पुलिस लगाने के बजाय आरोपियों के घरों पर सुरक्षा बढ़ाई जाए।

ये भी पढ़ें:

sanjay-nishad-gonda-protest-vinod-sahani-murder-akhilesh-yadav-bjp (2)

इसके बाद संजय निषाद कार्यकर्ताओं के साथ सर्किट हाउस से कलेक्ट्रेट तक करीब एक किलोमीटर पैदल पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। कलेक्ट्रेट पहुंचकर मंत्री धरने पर बैठ गए। जानकारी मिलने पर डीएम प्रियंका निरंजन मौके पर पहुंचीं। वह सड़क पर बैठकर मंत्री की बातें सुनती रहीं।

सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन

विनोद साहनी के परिजन शुक्रवार सुबह करीब सात बजे से शव रखकर प्रदर्शन कर रहे हैं। चचरी-परसपुर रोड पर करीब एक हजार लोगों की भीड़ जुटी है। आसपास के घरों की छतों पर भी लोग नजर आए। प्रदर्शन के दौरान पुलिस से परिजनों की झड़प भी हुई। मृतक की बेटी ने पुलिस से सवाल किया कि

sanjay-nishad-gonda-protest-vinod-sahani-murder-akhilesh-yadav-bjp (3)

हत्या के समय पुलिस कहां थी।

स्थिति को देखते हुए पांच थानों की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात की गई है। डीएम प्रियंका निरंजन ने कहा कि परिवार की मांगों पर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

अखिलेश ने बेटे से फोन पर की बात, लेटर शेयर किया

सपा मुखिया अखिलेश यादव ने मृतक के बेटे राजा साहनी से फोन पर बात की। उन्होंने बेटे से कहा कि हिम्मत रखो, हम लोग तुम्हारे साथ हैं। फोन पर बात के दौरान राजा साहनी फूट-फूटकर रोता रहा।
अखिलेश यादव ने अपने एक्स अकाउंट पर सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा भाजपा राज ‘अत्याचार, अन्याय, अहंकार’ का पर्यायवाची बन गया है, जिसके निशाने पर ‘पीडीए’ है। अगर कहीं कोई भी ‘धर्म-न्याय’ में विश्वास करनेवाला है तो इस क्रूर हत्या का संज्ञान ले अन्यथा पीडीए समाज मिलजुलकर अपनी लड़ाई ख़ुद लड़ लेगा। भाजपा में ‘निषाद’ को ‘विषाद‘ के सिवा कुछ नहीं मिलेगा।

दुकान बंद कर घर लौट रहे थे विनोद

परसपुर के रेक्सडिया गांव निवासी विनोद कुमार साहनी बर्तन कारोबारी थे। बुधवार रात करीब आठ बजे वह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। रास्ते में 8 से 10 लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। विनोद को पहले परसपुर सीएचसी ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें गोंडा मेडिकल कॉलेज भेजा गया। वहां से डॉक्टरों ने केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया। गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

केजीएमयू में भी धरने पर बैठे थे मंत्री

विनोद की मौत की जानकारी मिलने पर संजय निषाद केजीएमयू पहुंचे थे। वहां उन्होंने धरना दिया था। मंत्री ने हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा था कि आरोपियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इस दौरान बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश साहनी भी उनके साथ मौजूद थे। पुलिस इस मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। उधर, शुक्रवार को गोंडा में परिवार के प्रदर्शन, मंत्री के धरने के बाद मामला लगातार तूल पकड़ रहा है।

ये भी पढ़ें  विधानसभा सत्र : योगी का विपक्ष को करारा जवाब, बोले…भगवान विष्णु का 10वां अवतार संभल में ही होगा

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button