
न्यूज डेस्क, 16 सितंबर 2026:
बॉलीवुड अभिनेता Rajpal Yadav को चेक बाउंस केस से जुड़े वित्तीय विवाद में सुप्रीम कोर्ट से फिलहाल दो हफ्ते की और मोहलत मिली है। कोर्ट ने उन्हें रजिस्ट्री में कम से कम 2 करोड़ रुपये जमा करने का आखिरी मौका दिया है। सुनवाई के दौरान CJI की अध्यक्षता वाली बेंच ने उनके पुराने व्यवहार का जिक्र करते हुए उनके वादे पर सवाल उठाया।
पिछला रिकॉर्ड बना सवाल
सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश ने पूछा कि पुराने व्यवहार को देखते हुए क्या कोर्ट राजपाल यादव के इस वादे पर भरोसा कर सकता है कि वह तय समय में रकम जमा करेंगे। कोर्ट की टिप्पणी थी कि वह बॉलीवुड में ड्रामा और एक्टिंग के लिए जाने जाते हैं, वही काम कोर्ट में भी कर रहे हैं। राजपाल यादव के वकील ने कोर्ट को भरोसा दिलाया कि अभिनेता दो हफ्ते के भीतर कम से कम 2 करोड़ रुपये जमा करेंगे। बाकी रकम के लिए गारंटी देने की बात भी कही गई। इसके बाद कोर्ट ने उन्हें दो सप्ताह का समय दिया।
5 अक्टूबर तक गिरफ्तारी से राहत
सुप्रीम कोर्ट ने अगली सुनवाई की तारीख 5 अक्टूबर तक राजपाल यादव को गिरफ्तारी से मिली सुरक्षा जारी रखी है। हालांकि, अभिनेता को अपना पासपोर्ट सरेंडर करने का निर्देश दिया गया है।
2010 में लिया था करीब 5 करोड़ का लोन
मामला साल 2010 से जुड़ा है। उस समय राजपाल यादव ने निर्देशक के तौर पर अपनी पहली फिल्म अता पता लापता बनाने के लिए दिल्ली की एक कंपनी से करीब 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था। फिल्म कॉमेडी जॉनर की थी, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी। फिल्म के बाद लोन की रकम चुकाने में परेशानी हुई। ब्याज व दूसरे शुल्क जुड़ने के साथ बकाया रकम बढ़ती चली गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह रकम बाद में करीब 9 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।
चेक बाउंस केस में पहुंचा विवाद
लोन की रकम को लेकर विवाद बढ़ने के बाद राजपाल यादव के खिलाफ चेक बाउंस का मामला दर्ज हुआ। मौजूदा Supreme Court proceedings उस रकम से जुड़ी हैं, जिसका दावा निजी शिकायतकर्ता की ओर से किया गया है। शिकायतकर्ता मुरली प्रोडक्शंस का मालिक बताया गया है।






