
लखनऊ, 19 सितंबर 2026:
यूपी में सरकारी भर्तियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लोकभवन में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) और उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की ओर से विभागीय पदों पर चयनित 818 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए सीएम ने कहा कि अगले छह महीने में प्रदेश के एक लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी देने की तैयारी है। उन्होंने कहा, ‘वे गिनते रहें, हम नौकरियां देते जाएंगे।’
सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले नियुक्तियों में अनियमितताओं और राजनीतिक हस्तक्षेप का दौर था लेकिन अब भर्ती बोर्ड और आयोग शासन की राजनीति का शिकार नहीं होते। उनके मुताबिक अब तक साढ़े नौ लाख युवाओं को जॉइनिंग लेटर दिए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले छह महीने में होमगार्ड में 42 हजार नियुक्तियां होने जा रही हैं। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के आगामी परिणामों से 25 से 30 हजार, शिक्षा चयन आयोग से 20 से 25 हजार और उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के जरिए 15 से 16 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।

‘जो नहीं कर पाए, वही आज सवाल उठा रहे’
योगी ने कहा कि जिन लोगों ने अपने कार्यकाल में युवाओं के लिए पर्याप्त अवसर पैदा नहीं किए, वे आज सरकार से सवाल पूछ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यही युवा आगे चलकर उत्तर प्रदेश की ताकत बनेंगे और प्रदेश को देश की नंबर-1 अर्थव्यवस्था बनाने में योगदान देंगे। सीएम ने दावा किया कि कभी पहचान के संकट से जूझने वाला और गरीब माना जाने वाला उत्तर प्रदेश आज स्टेट रेवेन्यू सरप्लस की स्थिति में है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था कई गुना बढ़ी है और बजट तीन गुने से अधिक हुआ है।
‘चाचा-भतीजे की जोड़ी नौकरियों में डकैती डालने निकलती थी’
पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए योगी ने आरोप लगाया कि 2017 से पहले भर्ती प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां होती थीं। उन्होंने कहा कि UPPSC के तत्कालीन चेयरमैन की नियुक्ति को लेकर भी सवाल उठे और उनके कार्यकाल में ऐसी स्थिति बनी कि युवाओं को सड़क पर उतरना पड़ा। योगी ने कहा कि सरकार ने युवाओं को उस संकट से निकालने के लिए ‘मिशन रोजगार’ शुरू किया।उन्होंने सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि उस समय ‘चाचा-भतीजे की जोड़ी’ नौकरियों में डकैती डालने निकल पड़ती थी। योगी ने कहा कि जिन्होंने ‘उत्सव के प्रदेश’ को ‘उपद्रव का प्रदेश’ बनाया, उन्हें प्रदेश की जनता स्वीकार नहीं करेगी।

‘अब ग्रुप C और D में इंटरव्यू खत्म’
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले ग्रुप सी और डी की भर्तियों में इंटरव्यू के नाम पर मनमानी की गुंजाइश रहती थी, जिसे उनकी सरकार ने खत्म किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले ऐसी भर्तियां भी हुईं, जिनमें आवेदन नहीं करने वालों तक को नियुक्ति पत्र बांटे गए। आयुष क्षेत्र का जिक्र करते हुए योगी ने कहा कि 2014 से पहले आयुष की कोई खास पहचान नहीं थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अलग मंत्रालय बनने के बाद आयुर्वेद और होम्योपैथी को नई पहचान मिली और प्रदेश में आयुष विश्वविद्यालयों का निर्माण हो रहा है।
#LIVE: उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग एवं उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया से विभिन्न विभागीय पदों पर चयनित 818 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम।https://t.co/liGT3hRfQx
— Government of UP (@UPGovt) September 19, 2026
मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 से 29 सितंबर तक यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो आयोजित होगा। उनके मुताबिक, प्रदेश की ताकत और यहां के उत्पाद अब देश-दुनिया के सामने पहुंच रहे हैं और निवेशक उत्तर प्रदेश की ओर आकर्षित हो रहे हैं।






