
लखनऊ, 25 सितंबर 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल चारबाग और आसपास के क्षेत्रों में जाने से पहले ट्रैफिक रूट जरूर देख लें। पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर चारबाग स्थित दीनदयाल स्मृतिका पार्क में होने वाले पुष्पांजलि कार्यक्रम के चलते यातायात पुलिस ने कई प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन लागू किया है। यह व्यवस्था दोपहर तक लागू रहेगी। इससे चारबाग, कैंट, हुसैनगंज, नाका और आलमबाग की ओर आने-जाने वाले हजारों वाहन चालकों को परेशानी हो सकती है।
डायवर्जन के दौरान कैंट क्षेत्र के कुंवर जगदीश चौराहे से सामान्य यातायात लोको चौराहा और केकेसी तिराहे की ओर नहीं जा सकेगा। इसी तरह लोको चौराहे से केकेसी तिराहा और रविंद्रालय की ओर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। गुप्ता तिराहा से रविंद्रालय और केकेसी की तरफ भी सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा।
मोहन होटल चौराहे से केकेसी और ठाकुर ट्रांसपोर्ट तिराहे, जबकि रविंद्रालय तिराहा और एपी सेन रोड तिराहे से कार्यक्रम स्थल की ओर जाने वाले सामान्य यातायात को भी रोका जाएगा। हुसैनगंज के राणा प्रताप चौराहे से कार्यक्रम स्थल की तरफ भी वाहन नहीं जा सकेंगे।

नाका के नत्था तिराहे से रविंद्रालय तिराहा और केकेसी तिराहे की ओर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वहीं आलमबाग बस अड्डे से बसें मवैया तिराहा होते हुए केकेसी तिराहे की तरफ नहीं जा सकेंगी।
यातायात पुलिस के मुताबिक एम्बुलेंस, शव वाहन, फायर सर्विस और स्कूली वाहनों को आवश्यक स्थिति में प्रतिबंधित मार्गों से जाने की अनुमति दी जा सकती है। किसी अपरिहार्य स्थिति में ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है।






