
लखनऊ, 29 सितंबर 2026:
यूपी में विधानसभा चुनाव से पहले विधान परिषद (MLC) की शिक्षक और स्नातक सीटों का चुनाव सियासी गतिविधियों का नया केंद्र बन गया है। 11 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए भाजपा और समाजवादी पार्टी ने अपने-अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं। भाजपा ने मंगलवार को छह और नामों का ऐलान किया, जबकि सपा पहले ही उम्मीदवार उतार चुकी है। इसी के साथ दोनों प्रमुख दलों के बीच मुकाबले की तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई है।
भाजपा ने वाराणसी स्नातक सीट से केदार नाथ सिंह, मेरठ स्नातक से दिनेश गोयल और इलाहाबाद-झांसी स्नातक सीट से अशोक कुमार राठौर को प्रत्याशी बनाया है। वहीं वाराणसी शिक्षक सीट से प्रमोद मिश्रा, आगरा शिक्षक सीट से इंजीनियर हरि किशोर त्रिपाठी और गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट से घ्रुव त्रिपाठी को मैदान में उतारा गया है। भाजपा पांच प्रत्याशियों के नाम पहले ही घोषित कर चुकी थी।
दूसरी ओर, सपा ने शिक्षक और स्नातक दोनों वर्गों की सभी 11 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। शिक्षक सीटों पर मिर्जापुर-वाराणसी से वर्तमान एमएलसी लाल बिहारी यादव, लखनऊ से सुशील कुमार, आगरा से प्रकाशचंद्र गुप्ता, गोरखपुर-फैजाबाद से कमलेश यादव, मुरादाबाद-बरेली से दानिश अख्तर और मेरठ से नितिन तोमर को प्रत्याशी बनाया गया है। स्नातक सीटों पर लखनऊ से कांति सिंह, वाराणसी से वर्तमान एमएलसी आशुतोष सिन्हा, झांसी से डॉ. मान सिंह, आगरा से शशांक यादव और मेरठ से परमिंदर भाटी मैदान में हैं।
23 अक्टूबर को मतदान, 27 को होगी मतगणना
नामांकन प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो चुकी है। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख छह अक्टूबर है। 11 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना होगी। इनमें पांच खंड स्नातक और छह खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं।

MLC चुनाव को लेकर भाजपा सामान्य चुनावों की तर्ज पर संगठनात्मक तैयारी कर रही है। प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने पन्ना प्रमुख व्यवस्था को शिक्षक-स्नातक चुनाव में भी प्रभावी बनाने के निर्देश दिए हैं। शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों के साथ बैठकें और विधानसभा स्तर पर शिक्षक-स्नातक सम्मेलन शुरू करने की तैयारी है।

राज्यसभा चुनाव की भी बढ़ी हलचल
विधान परिषद चुनाव के बीच राज्यसभा की 10 सीटों को लेकर भी भाजपा और सपा में मंथन तेज है। उपलब्ध समीकरणों के मुताबिक भाजपा सात और सपा दो सीटें जीत सकती हैं। आठवीं भाजपा और तीसरी सपा सीट के लिए अतिरिक्त समर्थन की जरूरत होगी। मंगलवार को भाजपा ने आठ और सपा ने दो पर्चे भी खरीदे हैं।






