Lucknow CityUttar Pradesh

बबुआ 12 बजे उठते, 7 बजे महफिल सजती थी… इटावा में गरजे योगी, सैफई सिंडिकेट से लेकर अखिलेश पर बड़ा हमला

604 करोड़ की 128 विकास परियोजनाओं की सौगात, सैफई मेडिकल संस्थान, कानून-व्यवस्था, नौकरियों, आस्था और विकास को लेकर विपक्ष पर साधा निशाना, बोले- अब यूपी दंगा नहीं, निवेश और विकास की पहचान

लखनऊ/इटावा, 27 जुलाई 2026:

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने इटावा, जसवंतनगर और भरथना विधानसभा क्षेत्र को 604 करोड़ रुपये की 128 विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए सपा और उसके मुखिया अखिलेश यादव पर अब तक का सबसे तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने सैफई मेडिकल संस्थान, कानून-व्यवस्था, सरकारी नौकरियों, धार्मिक आस्था और विकास के मुद्दों पर विपक्ष को घेरते हुए कहा कि पहले प्रदेश में सैफई सिंडिकेट का कब्जा था। आज प्रदेश विकास, निवेश और सुशासन का मॉडल बन चुका है।

‘मुलायम का सपना था सैफई ग्रामीण आयुर्विज्ञान संस्थान, अखिलेश नहीं बढ़ा सके आगे’

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्व. मुलायम सिंह यादव ने सैफई ग्रामीण आयुर्विज्ञान संस्थान की परिकल्पना की थी लेकिन पांच वर्ष तक मुख्यमंत्री रहने के बावजूद अखिलेश यादव इसे आगे नहीं बढ़ा सके। भाजपा सरकार ने 490 करोड़ रुपये की लागत से 500 बेड का सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक और 232 करोड़ रुपये की लागत से 300 बेड का गायनी ब्लॉक तैयार कराया। इससे संस्थान तेजी से विकसित हो रहा है।

ये भी पढ़ें:

मुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि बबुआ दोपहर 12 बजे उठते थे। 2 बजे तक तैयार होते थे। 5 बजे जिम चले जाते और 7 बजे महफिल जम जाती थी। जनता और विकास के लिए समय कहां था? उन्होंने कहा कि यही वजह रही कि प्रदेश और इटावा वर्षों तक पहचान के संकट से जूझते रहे लेकिन आज इटावा के युवाओं को पूरे देश में सम्मान मिल रहा है।

योगी ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की पहचान दंगा, कर्फ्यू, अराजकता और माफिया राज से जुड़ी थी। निवेशक आने से डरते थे लेकिन भाजपा सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति ने संगठित अपराध और माफिया पर शिकंजा कस दिया। अब प्रदेश की पहचान ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज, वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट और वन डिस्ट्रिक्ट-वन क्यूजीन’ से बन रही है। प्रदेश उत्सव, विकास तथा निवेश का केंद्र बन गया है।

सरकारी नौकरियों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले भर्ती निकलते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी सक्रिय हो जाती थी। मेरिट की जगह सिफारिश तथा पैसे का बोलबाला रहता था। आज पूरी पारदर्शिता के साथ युवाओं को योग्यता के आधार पर नियुक्तियां मिल रही हैं। उन्होंने दावा किया कि अब इटावा के युवा भी प्रदेश की मेरिट सूची और राष्ट्रीय प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले गरीबों का राशन और सरकारी योजनाओं का लाभ बिचौलिये हड़प लेते थे। अब योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों के खातों में पहुंच रहा है। आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। हाल ही में शिक्षकों व शिक्षणेतर कर्मचारियों को भी यह सुविधा दी गई है।

आस्था के मुद्दे पर भी योगी ने विपक्ष को घेरा। उन्होंने कहा कि पहले मंदिरों के सुंदरीकरण की जगह कब्रिस्तानों की बाउंड्री वॉल पर पैसा खर्च होता था। कांवड़ यात्रा, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, रामनवमी और दुर्गा पूजा जैसे आयोजनों पर रोक लगाई जाती थी, जबकि भाजपा सरकार ने प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को सम्मान दिया है।

इटावा के विकास का खाका प्रस्तुत करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत लगभग एक हजार करोड़ रुपये की लागत से 540 गांवों में कार्य चल रहा है। चौथे चरण में 2.33 लाख परिवारों को हर घर नल योजना से जोड़ा जाएगा। गंगा एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, औद्योगिक क्लस्टर, चंबल नदी पर 296 करोड़ रुपये का सिग्नेचर ब्रिज, 344 करोड़ रुपये की लागत से इटावा-कन्नौज राष्ट्रीय राजमार्ग, रेलवे फ्लाईओवर, बाईपास, रेलवे ओवरब्रिज तथा पैरामेडिकल आवासीय भवन सहित कई बड़ी परियोजनाएं जिले की तस्वीर बदलेंगी।
cm-yogi-etawah-rally-slams-akhilesh-yadav-saifai-syndicate-projects (2)

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार किसी जिले के साथ भेदभाव नहीं करती। गरीब, किसान, महिला और युवा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। स्टार्टअप, स्टैंडअप, डिजिटल इंडिया, मिशन रोजगार, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, ओडीओपी और विश्वकर्मा श्रम सम्मान जैसी योजनाओं के जरिए युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है। किसानों के कर्जमाफी, किसान सम्मान निधि, 16 लाख किसानों को मुफ्त बिजली और धार्मिक-सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण का भी उन्होंने उल्लेख किया।

सपा पर एक और प्रहार करते हुए मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि समाजवादियों ने डॉ. राम मनोहर लोहिया से लेकर बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर और संत रविदास जैसे महापुरुषों का भी सम्मान नहीं किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने कन्नौज मेडिकल कॉलेज को फिर से बाबा साहब के नाम से जोड़ा और औरैया में लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के नाम पर मेडिकल कॉलेज बनवाया। उन्होंने जनता से अपील की कि प्रदेश के विकास और आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सैफई सिंडिकेट की राजनीति से बाहर निकलकर विकास की धारा को मजबूत करें।

ये भी पढ़ें  दादी पौत्र को सौंपना चाहती थी जायदाद...नाराज पिता ने ले ली बेटे की जान

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button