Lucknow City

कौशल की नई उड़ान… लखनऊ के ITOT में अब 20 ट्रेडों में मिलेगी इंडस्ट्री बेस्ड ट्रेनिंग

मंत्री कपिल देव ने नई वर्कशॉप बिल्डिंग का किया शुभारंभ, 10 नए कोर्स जुड़े, 1300 से ज्यादा छात्र-छात्राओं को मिलेगा उद्योग आधारित प्रशिक्षण, सरकार ने प्रशिक्षकों की गुणवत्ता सुधार पर भी फोकस बढ़ाया है, 1781 नए अनुदेशकों की ट्रेनिंग प्रक्रिया जारी

लखनऊ, 21 मई 2026:

प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने आईटीओटी अलीगंज स्थित आईटीआई परिसर में न्यू वर्कशॉप ब्लॉक-सी का उद्घाटन किया। नई बिल्डिंग शुरू होने के साथ संस्थान में 10 नए ट्रेड जोड़े गए हैं, जिससे अब यहां कुल 20 व्यवसायों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।

कार्यक्रम में कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि सरकार का मकसद सिर्फ प्रमाण पत्र बांटना नहीं, बल्कि युवाओं को ऐसा हुनर देना है जिससे वे नौकरी और स्वरोजगार दोनों के लिए तैयार हो सकें। उन्होंने कहा कि आईटीओटी जैसे संस्थान अब युवाओं के सपनों को दिशा देने वाले केंद्र बन रहे हैं। उन्होंने प्रशिक्षकों से कहा कि छात्रों के भीतर आत्मविश्वास पैदा करना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है, क्योंकि यही उन्हें आगे बढ़ने की ताकत देता है।

मंत्री ने प्रशिक्षण के दौरान ड्रॉपआउट कम करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि हर छात्र की नियमित उपस्थिति और उसकी प्रगति पर नजर रखना जरूरी है। खासकर कमजोर और मध्यम वर्ग के परिवारों से आने वाले युवाओं के लिए स्किल ट्रेनिंग जिंदगी बदलने का मौका बन सकती है। उन्होंने प्रशिक्षकों से अभिभावकों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने की अपील भी की।

WhatsApp Image 2026-05-21 at 5.47.11 PM

प्रमुख सचिव व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास डॉ. हरिओम ने कहा कि विभाग लगातार ऐसे कोर्स बढ़ा रहा है जिनकी सीधे उद्योगों में मांग है। उन्होंने कहा कि अब पारंपरिक ट्रेड्स के साथ नई तकनीकों पर आधारित पाठ्यक्रमों को भी शामिल किया जा रहा है, ताकि युवाओं को ट्रेनिंग के बाद रोजगार के ज्यादा मौके मिल सकें। उन्होंने संस्थानों के मूल्यांकन को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने की जरूरत बताई।

निदेशक प्राविधिक डी. के. सिंह ने बताया कि नई बिल्डिंग बनने से पहले संस्थान में 10 ट्रेड संचालित थे, जो अब बढ़कर 20 हो गए हैं। इसके साथ छात्र-छात्राओं की संख्या भी करीब 1300 तक पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि आईटीआई प्रशिक्षकों के लिए सीआईपीएस प्रशिक्षण कार्यक्रम भी चल रहा है, जिसके तहत अब तक 1338 प्रशिक्षकों को प्रशिक्षित किया जा चुका है। हाल ही में चयनित 1781 नए अनुदेशकों का प्रशिक्षण भी जारी है।

नए शुरू किए गए ट्रेड्स में ड्रेस मेकिंग, ड्राफ्ट्समैन मैकेनिक, इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक, मैकेनिक डीजल, मैकेनिक ट्रैक्टर, ऑफिस मैनेजमेंट, पेंटिंग टेक्नोलॉजी, सेक्रेटेरियल प्रैक्टिस हिंदी, इलेक्ट्रीशियन पावर डिस्ट्रीब्यूशन और टर्नर शामिल हैं। विभाग का मानना है कि इन कोर्सों से युवाओं को उद्योगों की जरूरत के मुताबिक प्रशिक्षण मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान कपिल देव अग्रवाल ने छात्र-छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। उन्होंने परिसर में नीम का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस मौके पर निदेशक प्रशिक्षण अभिषेक सिंह, अपर निदेशक मानपाल सिंह समेत विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button