Lucknow City

Lucknow Airport: जेब पर पार्किंग की मार! 8 मिनट से ज्यादा खड़ी की कार तो देने होंगे 180 रुपये, 24 घंटे का शुल्क 1000

चौधरी चरण सिंह (अमौसी) इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पार्किंग महंगी, मुफ्त सुविधा 10 से घटकर 8 मिनट, दोपहिया से लेकर कॉमर्शियल वाहनों और मासिक पास की दरें भी बढ़ीं

लखनऊ, 3 अक्टूबर 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह (अमौसी) इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सफर करने वाले यात्रियों को अब वाहन पार्क करना पहले से कहीं ज्यादा महंगा पड़ेगा। एयरपोर्ट पर पार्किंग शुल्क में बढ़ोतरी कर दी गई है। सबसे बड़ा झटका निजी कार और एसयूवी से आने वाले यात्रियों को लगा है। अब इन्हें महज आठ मिनट तक मुफ्त पार्किंग मिलेगी। इसके बाद पार्किंग शुल्क शुरू हो जाएगा। नई दरें लागू भी कर दी गई हैं।

संशोधित दरों के मुताबिक निजी कार और एसयूवी के लिए आठ मिनट के बाद 30 मिनट तक 180 रुपये देने होंगे। पहले यही शुल्क 150 रुपये था। एक घंटे तक पार्किंग के लिए 200 रुपये और 24 घंटे के लिए अधिकतम 1000 रुपये चुकाने होंगे। यानी एयरपोर्ट पर किसी यात्री को छोड़ने या लेने में तय मुफ्त समय से जरा भी देरी हुई तो पार्किंग का खर्च सीधे जेब पर पड़ेगा।

दोपहिया वाहनों के लिए नई दरें

दोपहिया वाहनों के लिए आठ मिनट तक 50 रुपये, 30 से 60 मिनट तक 100 रुपये और 24 घंटे तक अधिकतम 300 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। ऑटो के लिए 30 मिनट तक 80 रुपये, एक घंटे तक 100 रुपये और 24 घंटे तक 500 रुपये देने होंगे।

ये भी पढ़ें:

कॉमर्शियल वाहनों के लिए रेट

कॉमर्शियल वाहनों के लिए आठ मिनट से ही 200 रुपये शुल्क लगेगा, जबकि 24 घंटे का अधिकतम शुल्क 1200 रुपये होगा। टेंपो, पिकअप, मिनी बस, बस और ट्रक के लिए आठ मिनट तक 600 रुपये और 24 घंटे तक अधिकतम 3000 रुपये शुल्क तय किया गया है।

मासिक पास भी हुआ महंगा

स्टाफ का दोपहिया वाहन मासिक पास 300 रुपये, स्टाफ के लिए चार पहिया 800 रुपये, कॉमर्शियल टैक्सी व ऑटो 1000 रुपये, कैश कैरी वैन 1500 रुपये, क्रू वाहन 8000 रुपये, होटल वाहन 15,000 रुपये और क्रूजर के लिए 20,000 रुपये तय किए गए हैं। एयरपोर्ट संचालक के मुताबिक संशोधित पार्किंग शुल्क अन्य हवाई अड्डों पर लागू व्यवस्थाओं के अनुरूप है।

वहीं, नो-पार्किंग जोन या पिकअप-ड्रॉप लेन में तय समय से अधिक वाहन खड़ा करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। वाहनों के पहिये क्लैंप करने या क्रेन से हटाने की कार्रवाई हो सकती है।दोपहिया के लिए 500 रुपये और कार, टेंपो, एसयूवी, मिनी बस, बस व ट्रक के लिए 1000 रुपये जुर्माना निर्धारित है। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग क्षेत्रों का ही इस्तेमाल करने की अपील की है।

ये भी पढ़ें  LU के दीक्षांत में छात्रों को डिजिटल डिग्री, गोल्ड मेडल मिले, राज्यपाल ने गिनाईं ये कमियां

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link