लखनऊ, 8 जून 2026ः
यूपी की राजधानी लखनऊ में ऑटो में महिला के साथ छेड़खानी कर उसको फेंकने वाले बदमाश को पुलिस ने रविवार देर रात मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। उसके पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। उसके साथी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस देर रात गाजीपुर थाना क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि व्यापारी की पत्नी से छेड़खानी करने वाला बदमाश बंधा रोड से निकलने वाला है। इसके बाद बंधा रोड पर चेकिंग बढ़ा दी गई। इसी दौरान एक संदिग्ध ऑटो वाला आता दिखा। पुलिस ने उसे रोकना चाहा तो वह मुड़कर भागने लगा। पुलिस ने उसका पीछा किया तो ऑटो डिवाइडर से टकराकर पलट गया। उसमें सवार बदमाश पुलिस पर फायरिंग करने लगा।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दाएं पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया। बदमाश की पहचान सनी कश्यप (25 वर्षीय) के रूप में हुई। वह गुड़ियन टोला थाना कोतवाली नगर, सीतापुर का निवासी है और लखनऊ में पलटन गली, मड़ियांव में रहता था। गोमतीनगर के निवासी एक व्यापारी ने गाजीपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी जानकीपुरम में दुकान है। शनिवार रात को उनकी पत्नी दुकान बंद कर ऑटो से लौट रही थीं। उस ऑटो में चालक के अलावा पीछे वाली सीट पर एक युवक भी बैठा था।
पीड़ित महिला के अनुसार रिंग रोड ओवरब्रिज पर पहुंचने पर युवक ने छेड़खानी शुरू कर दी। विरोध करने पर ऑटो चालक और युवक ने उनका गला दबा दिया। शोर शराबा होने पर दोनों ने घबराकर सेक्टर 25 चौराहे के पास चलते ऑटो से नीचे फेंक दिया। गिरने के बाद महिला ऑटो में फंसकर कुछ दूरी तक घिसटती चली गई। उधर से गुजर रहे राहगीरों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया। लोगों ने ऑटो रोकने का प्रयास किया तो आरोपी मौके से फरार हो गए।






