
प्रमोद कुमार
मलिहाबाद (लखनऊ), 4 अक्टूबर 2026:
यूपी में लखनऊ के काकोरी इलाके में रविवार सुबह हुए सड़क हादसे में उपनिरीक्षक सोनू निगम की मां और ताऊ की मौत हो गई। परिवार बेटे सोनू का रिश्ता तय करने बुलंदशहर से मोहनलालगंज आ रहा था। चकौली अंडरपास के पास तेज रफ्तार XUV का संतुलन बिगड़ा और कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में सोनू निगम और उनके दोस्त संदीप भाटी घायल हुए हैं।
बेटे के रिश्ते की बात तय करने निकली थीं मां
बुलंदशहर के ककोड़ निवासी लक्ष्मण के 28 साल के बेटे सोनू निगम बिजनौर जिले के नाहटौर थाने में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात हैं। वह अभी अविवाहित हैं। कुछ दिन पूर्व वो छुट्टी लेकर घर आए थे। परिवार बेटे की शादी की तैयारी में लगा था। बेटे का ही रिश्ता तय करने के लिए मोहनलालगंज लखनऊ आने का प्लान बनाया था लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। बेटे के लिए बहू घर लाने का सपना देख रही मां सावित्री देवी की हादसे में जान चली गई।
दरोगा आगे बैठे थे, दोस्त चला रहा था कार
कार में चार लोग सवार थे। हादसे के समय सोनू निगम आगे की सीट पर बैठे थे और उनके दोस्त संदीप भाटी कार चला रहे थे। पुलिस के मुताबिक चकौली अंडरपास के पास तेज रफ्तार में कार का संतुलन बिगड़ गया। XUV डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। आगे बैठे सोनू और संदीप की जान एयरबैग ने बचा ली। दोनों को चोटें आई हैं।

मां और ताऊ की मौके पर मौत
हादसे में सोनू निगम की मां सावित्री देवी, करीब 48 वर्ष, उनके ताऊ शेर सिंह, करीब 55 वर्ष, की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर समदा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। चौकी प्रभारी शैलेन्द्र कुमार गुप्ता ने बताया कि रविवार सुबह करीब नौ बजे कार दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो कार पलटी हुई थी। जांच में पता चला कि XUV बुलंदशहर से मोहनलालगंज की तरफ जा रही थी।
घायल भर्ती, कार से नकदी और सामान मिला
घायल सोनू निगम और संदीप भाटी को तत्काल नजदीकी टीएस मिश्रा अस्पताल ले जाया गया। दोनों का इलाज चल रहा है। दुर्घटनाग्रस्त कार से एक सूटकेस, कपड़े, मोबाइल फोन और करीब साढ़े तीन लाख रुपये नकद मिले हैं। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया।






